दिल्ली में तेजस्वी यादव की शादी की तस्वीरें सामने आने के साथ ही बिहार की राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में भी जश्न शुरू हो गया है। राजद के कार्यालयों में मिठाइयां बंट रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भले दिल्ली नहीं गए लेकिन जश्न में शामिल हैं।
तेजस्वी की शादी को लेकर उन्होंने मीडिया से बात भी की। जगदानंद ने कहा कि तेजस्वी ने मिसाल कायम किया है। तेजस्वी ने नौजवानों को परिवार को साथ लेकर चलने की राह दिखाई है। उन्होंने अपने मित्र से शादी की है और माता-पिता से आशीर्वाद लेकर की है। जगदानंद सिंह ने कहा कि तेजस्वी ने अपने आचार और व्यवहार से समाज परिवर्तन के लिए जो बीणा उठाया है, उससे एक आदर्श को कायम किया है।
राजद कार्यालय में लगे चुनाव चिह्न लालटेन की ओर इशारा करते हुए जगदानंद ने कहा कि यह केवल प्रतीक नहीं है। यह लोगों को रोशनी दिखाने के लिए है। तेजस्वी हों या राजद के लोग इसी तरह लोगों को रोशनी और राह दिखाते रहें, इसी तरह कार्य करते रहें, यही शुभकामनाएं हैं।
शादी को गोपनीय रखने के सवाल पर जगदानंद ने कहा कि एक दिन पहले आप लोगों को पता चला तो तूफान खड़ा कर दिया गया। अगर पहले से पता चलता तो पता नहीं क्या होता। जगदानंद ने बताया कि तेजस्वी ने दिल्ली जाने से पहले ही खास लोगों को बता दिया था कि 9 दिसंबर को शादी होगी।
उसके बाद पटना आने पर लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी। जगदानंद ने कहा कि शादी कोई छिपने की चीज नहीं है। हर जानकारी समय पर दी जाती है। समय से पहले कोई जानकारी नहीं दी जाती है। शादी कोई दिखावा नहीं है। यह जीनव भर साथ रहने की प्रतिज्ञा है। तेजस्वी ने दिखावा नहीं किया है। नौजवानों के सामने मिसाल कायम की है।