सेंट्रल,GBN 24
अमरेन्द्र जैसवाल
भारत नेपाल सीमा पर जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग को यहां 12 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी को जांच के बाद नेपाल लौटाया गया है। नेपाल में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से भारतीय स्वास्थ्य विभाग के साथ ही आम लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। नेपाल से भारत आ रहे नेपाली नागरिक सीमा पर हो रही जांच में बढ़ी संख्या में संक्रमित निकलने लगे हैं।
इन हालातों में स्वास्थ्य विभाग से हल्की सी भी चूक हुई तो इससे भारत की मुश्किल बढ़ सकती है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से झूलापुल स्थित अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर कोरोना की जांच की गई। इस दौरान नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले नेपाली नागरिकों की जांच की गई तो उनमें से बीते दो दिनों में 12 लोग संक्रमित निकले।
सजगता दिखाते हुए भारतीय स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को नेपाल वापस भेज दिया। डॉ. कल्पित रौतेला ने बताया सभी को जांच में संक्रमित मिलने के बाद वापस नेपाल लौटाया गया। कहा झुलापुल पर भारत की ओर से लगातार एंटीजन जांच की जा रही है। नेपाल में कोरोना संक्रमण का ग्राफ दिन-पर-दिन बढ़ रहा है। कहा भारतीय स्वास्थ्य विभाग सजगता से काम कर रहा है। वर्षा चंद, निशा चंद, सोनी जोशी व मंजू चंद झूलापुल पर कोरोना जांच की जिम्मेदारी बखूबी संभाले हैं।
नेपाल लौटे लोगों दुकानों में करते रहे खरीदारी
झूलाघाट। सीमा पर बने झूलापुल में जांच के बाद जिन नेपाली लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद वापस लौटाया गया। वे दिन के समय नेपाल की दुकानों में खरीदारी करते नजर आए। कई लोग भारी भीड़ के बीच मिले। इससे उलट इन संक्रमितों के संपर्क में आए कई नेपाली नागरिक भारत में प्रवेश कर रहे हैं। इन हालातों में स्वास्थ्य विभाग से हल्की सी भी चूक हुई तो नेपाली नागरिकों की यह लापरवाही भारत के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है।
नेपाल के व्यापारियों का भारत में है निवास
झूलाघाट। नेपाल के कई व्यापारियों का भारत में निवास है। ये व्यापारी सुबह नेपाल पहुंचते हैं और शाम को दुकान बंद कर भारत में प्रवेश करते हैं। संक्रमित नेपाली नागरिक बेखौफ इन दुकानों में खरीदारी कर रहे हैं। नेपाल से इन संक्रमितों के संपर्क में आए व्यापारियों की सुबह-शाम भारत में आवाजाही भविष्य में खतरे का सबब बन सकती है।
झूलापुल पर 12 नेपाली नागरिकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिन्हें नेपाल वापस लौटाया गया। विभाग सीमा पर सजगता से जांच कर रहा है।