ब्राजील में एक शूटर ने दो स्कूलों में घुसकर गोलीबारी कर दी। हमले में 2 टीचर्स और एक स्टूडेंट की मौत हो गई। 11 लोगों के घायल होने की खबर हैं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी।
पुलिस ने कहा- हमला एस्पिरिटो सैंटो स्टेट के आराक्रूज शहर में हुआ। हमलावर की उम्र 16 साल के आस-पास है। वो सेमी-ऑटोमेटिक गन लेकर स्कूल में घुसा और फायरिंग शुरू कर दी। उसने अपनी एक मास्क और मिलिट्री जैसे कपड़े पहन रखे थे। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना का वीडियो सामने आया
एक स्कूल में लगे CCTV कैमरा का फुटेज सामने आया है। इसमें हमलावर दिख रहा है। उसने अजीब से मिलिट्री यूनिफॉर्म जैसे दिखने वाले कपड़े पहने हुए हैं। उसने अपना चेहरा ढ़कने के लिए मास्क लगाया हुआ है। वह गेट पर लगा ताला तोड़ते हुए स्कूल में घुसा। यहां टीचर्स रूम में जाते ही उसने गोलियां चला दीं। इसके बाद वो दूसरे स्कूल में चला जाता है। जहां उसने फायरिंग करते हुए कई लोगों को घायल कर दिया।
पुलिसवाले का बेटा था हमलावर
एक अफसर ने बताया कि हमलावर के पिता पुलिस में हैं। उन्हीं की गन से फायरिंग की गई। उन्होंने कहा- 16 साल के हमलावर के पिता पुलिस सर्विस में हैं। हमलावर के पास दो गन थीं, जो उसके पिता की थीं। इनमें से एक सर्विस गन थी और एक प्राइवेट गन थी। उसने इस हमले को सोच समझकर अंजाम दिया। वो बड़ी आसानी से ताला तोड़कर और गार्ड की नजरों से बचकर अंदर घुस गया।

3 दिन का शोक घोषित
एस्पिरिटो सैंटो के गवर्नर रेनाटो कासाग्रांडे ने हमले की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया। उन्हें कहा- पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है। उसने कायरतापूर्वक अराक्रुज में दो स्कूलों पर हमला किया। मैं तीन दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा करता हूं। इस मामले की जांच हो रही है।