PDP नेता महबूबा मुफ्ती को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह बुधवार को जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अतिक्रमण विरोधी अभियान का विरोध करने के लिए यहां पहुंची थीं। इस दौरान उनके कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है। महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में गुंडा राज है। इसे अफगानिस्तान की तरह नष्ट किया जा रहा है।

साथ ही उनके कार्यकर्ताओं ने BJP हाय हाय के नारे भी लगाए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने रेलवे भवन से संसद तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी।
महबूबा बोलीं- क्या शिकायतों को लेकर संयुक्त राष्ट्र जाएं
महबूबा ने कहा कि हम विपक्षी दलों और सत्तारूढ़ भाजपा को जम्मू-कश्मीर की जनता के दुखों के बारे में बताने के लिए आए हैं। अगर हम संसद नहीं जा सकते हैं, तो मुझे आश्चर्य है कि हमें कहां जाना चाहिए। क्या सरकार चाहती है कि हम संयुक्त राष्ट्र में अपनी शिकायतों का हल निकलवाएं।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कानून का कोई राज नहीं है। हम अपने दिल की बात कहने के लिए दिल्ली आए थे, लेकिन ऐसा लगता है कि यहां भी आम जनता की आवाज दबा दी गई है।
महबूबा ने कहा था- यह कश्मीर को फिलिस्तीन बनाने का अभियान
इससे पहले जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि यह विध्वंस अभियान कश्मीर को फिलिस्तीन से भी बदतर स्थिति में बदल रहा है। केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को अफगानिस्तान जैसा बनाना चाहती है।
20 जिलों में चलाया जा रहा अतिक्रमण विरोधी अभियान
जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। कथित सरकारी जमीन को मुक्त कराने के लिए अब तक कई इमारतों पर बुलडोजर चलाया गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों का भी प्रदर्शन जारी है। इस पर मंगलवार को पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा था- इस अभियान में धर्म देखकर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। जिन लोगों पर कार्रवाई हुई है, उनमें से 90-95% लोग मुस्लिम हैं।

पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा था कि एक साजिश के तहत मुस्लिमों को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि यह साबित किया जा सके कि मुस्लिम प्रशासन के खिलाफ काम करते हैं। बीते सप्ताह प्रशासन की कार्रवाई के दौरान पथराव हुआ था, जिसके बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और चार लोग हिरासत में लिए गए हैं।
जम्मू के मलिक बाजार में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पथराव हो गया था। स्थानीय प्रशासन जम्मू में अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चला रहा था तभी लोग नाराज हो गए और उन्होने अतिक्रमण हटा रहे लोगों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने पहले लाठियां चलाई। स्थिति बिगड़ने पर लोगों को काबू करने के लिए जम्मू पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।। घटना के बाद जम्मू में तनाव की स्थिति बन गई थी।