पहाड़ों में हुई बर्फबारी की वजह से उत्तर प्रदेश के मौसम ने करवट ली है। मौसम में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है, कई जगहों पर ठंडी हवाओं से न्यूनतम तापमान में काफी कमी आई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में पारा और भी गिर सकता है। 21 दिसंबर से यूपी के कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है.

मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में ठंड लगातार बढ़ने की है। मंगलवार को तीसरे दिन भी कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। कोहरे की मोटी चादर के साथ जिंदगी ठिठक गई है। रविवार की रात सीजन में सबसे सर्द रही है। पारा भी गिरते हुए 7 डिग्री पर पहुंच गया। रविवार की अपेक्षा सोमवार को कोहरे का असर दोगुना देखने को मिला। दिल्ली-दून हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। 11 बजे के करीब धूप निकली तो राहत मिली। मौसम कार्यालय पर दिन का तापमान 22.4 डिग्री व रात का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी वेस्ट यूपी में कोहरे का असर बना रहेगा। कोहरे के चलते रात का तापमान गिरेगा और ठंड बढे़गी।
