योगी कैबिनेट के मंत्री और एनडीए विधायक अयोध्या रामलला के दर्शन के करने के लिए लग्जरी बसों से निकल गए। यह बसें विधानसभा के सामने से रवाना हुईं। सीएम विमान द्वारा अयोध्या पहुंचेंगे।
इस बस में आरएलडी के विधायक भी साथ गए हैं। राजा भैया और आराधना मिश्रा आदि भी साथ में रवाना हुए हैं। दोनों डिप्टी सीएम और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बस संख्या- 1 से रवाना हुए हैं। विधायकों का यह दल दोपहर साढ़े 12 बजे राम मंदिर पहुंच जाएगा।
प्रदेश सरकार के मंत्रियों व विधायकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रविवार को रामलला के दर्शन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। सीएम योगी राजकीय विमान से आएंगे। लखनऊ से 10 लग्जरी बसों से मंत्री व विधायक यहां पहुंचेंगे। सभी अतिथि हनुमानगढ़ी भी जाएंगे। प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ की मौजूदगी में वीवीआईपी मूवमेंट प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सीएम योगी दोपहर 12 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजकीय विमान से पहुंचेंगे। अयोध्या धाम के लिए यहां से सड़क मार्ग से रवाना होंगे। विधानसभा अध्यक्ष समेत सभी मंत्री व विधायक सीएम के आने से पहले सुबह 11:30 बजे हनुमानगढ़ी पहुंच जाएंगे। यहां एक घंटे की अवधि में सभी को दर्शन कराया जाएगा।
मंत्री व विधायकों का दल दोपहर 12:30 बजे रामजन्मभूमि पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे तक सभी जन्मभूमि परिसर में ही रहेंगे। सीएम के भी एयरपोर्ट से सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचने की संभावना है। यहां से वह अपनी कैबिनेट के सहयोगियों व विधायकों के साथ राम मंदिर जाएंगे। रामलला के दर्शन के बाद सभी मेहमानों को परिसर में ही लंच कराया जाएगा। इस लंच में मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं।
परिवहन निगम की ओर से दस सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को तैयार कर लिया गया था। अफसरों ने बसों का भौतिक निरीक्षण किया है। इन बसों को फूलों से सजाया गया है। भगवान राम के ध्वज व स्टिकर लगाए गए हैं। रविवार सुबह 8.30 बजे से बस विधानसभा के सामने विधायकों को लेकर अयोध्या रवाना हुई।
इसके पहले शनिवार को 10 सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को क्षेत्रीय कार्यशाला में दुरुस्त किया गया। बसों की साफ सफाई की गई। गुलाब और गेंदे के साथ ही बसों को टेसू के फूलों से भी सजाया गया। जिन सीटों पर माननीय बैठेंगे उन सीटों के ऊपर भी खुशबू फैलाने के लिए फूल लगाए गए हैं। साफ सुथरे पर्दे लगाए गए हैं। बसों में नए कारपेट बिछाए गए हैं। भगवान राम के ध्वज और राम मंदिर के स्टीकर भी लगाए गए। इन पवन हंस बसों में भी रामधुन की व्यवस्था की गई है। सभी को माननीय राम की नगरी अयोध्या जाते समय राम के भजनों का लुत्फ मिलेगा, जिससे भक्तिमय माहौल पैदा होगा। सभी को बस के अंदर परिवहन निगम की यात्रा दर्पण, एक डायरी और कैलेंडर का फोल्डर उपलब्ध कराया जाएगा। पीने के लिए पानी की व्यवस्था भी की गई है।
आरटीओ कार्यालय में तैनात संभागीय प्राविधिक अधिकारी (आरआई) प्रशांत कुमार और विष्णु कुमार ने माननीयों को ले जाने वाली बसों का कार्यशाला में भौतिक निरीक्षण किया। लाइटिंग, इंडीकेटर, टायर, विंडस्क्रीन, एलाइनमेंट आदि चेक की। जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करवाया। इसके बाद दोनों अफसरों ने ग्रीन सिग्नल दिया |