अलीगढ़: अतरौली थाना क्षेत्र के गांव चपौटा में रविवार देर रात एक किशोर ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। किशोर परिवार से काफी दिनों से स्मार्टफोन की मांग कर रहा था। रविवार रात को उसे मां ने इस मांग को लेकर फटकार दिया था। इसी से आहत होकर उसने देर रात को खुद को कमरे में बंद कर साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। किशोर की भाभी ने देवर को फंदे पर लटका देख शोर मचा दिया। आनन-फानन में देर रात को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
कंचीलाल (16) पुत्र लाला निवासी चपौटा, अतरौली दो भाईयों में सबसे छोटा था। पिता खेती करते हैं। बड़ा भाई भी पिता के साथ खेत पर ही काम करता है।
भाभी यह साड़ी का फंदा कैसे बनाते है….
मृतक की भाभी ने रोते बिलखते हुए बताया कि देवर उससे रात को साड़ी से फांदा बनाने की बात पूछ रहा था। उसकी बात को अनसुना करते हुए मजाक में टाल दिया। नहीं पता था कि उसके इरादे क्या हैं। अगर, इरादे पता होते तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
सीओ इगलास शिवकुमार ने कहा कि अतरौली क्षेत्र में किसी किशोर द्वारा आत्महत्या करने की कोई भी सूचना पुलिस को नहीं दी गई। ऐसा हुआ है तो मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी तथ्य सामने आएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।