दिल्ली-एनसीआर और यूपी में घना कोहरा
सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। आगरा और प्रयागराज में तो जीरो विजिबिलिटी की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए और यातायात व्यवस्था बाधित रही।
हादसों के बाद प्रशासन की अपील
शनिवार और रविवार को कोहरे के कारण उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में सड़क हादसे हुए। इन घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सुबह के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में घना कोहरा बना रह सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसमें आगे और बढ़ोतरी की संभावना है।
दक्षिण भारत में शीत लहर का अलर्ट
आईएमडी ने तेलंगाना और अंदरूनी कर्नाटक में शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। 15 और 16 दिसंबर को कई इलाकों में कोल्ड वेव की स्थिति बनी रह सकती है। ठंडी हवाओं को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने, गर्म पानी पीने और घरों को गर्म रखने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों और पशुओं को पाले से बचाने की जरूरत है।
















Leave a Reply