Advertisement

जोरहाट एयरबेस पर बड़ा हादसा: लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ IAF का AN-32 विमान, मची अफरा-तफरी

IAF Plane Crash

लैंडिंग से पहले हुआ हादसा, विमान में लगी भीषण आग

असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायु सेना (IAF) का AN-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन पर गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई और कुछ ही पलों में वह दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई दिया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही एयरबेस और स्थानीय प्रशासन की राहत एवं बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

राहत-बचाव अभियान जारी

शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान एयर फोर्स स्टेशन परिसर के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और भारतीय वायु सेना ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। घटना के तुरंत बाद फायर टेंडर और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय कर दिया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया, जबकि वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।

भारतीय वायुसेना की ताकत है AN-32 विमान

जोरहाट में दुर्घटनाग्रस्त हुआ AN-32 विमान भारतीय वायुसेना के सबसे भरोसेमंद परिवहन विमानों में गिना जाता है। वायुसेना के बेड़े में ऐसे करीब 100 विमान शामिल हैं, जिन्हें कठिन मौसम और ऊंचाई वाले इलाकों में ऑपरेशन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यह विमान एक बार में 6 से 7 टन तक सामान और लगभग 40 से 50 जवानों को ले जाने की क्षमता रखता है। सेना की रसद और सैनिकों की आवाजाही में इसकी अहम भूमिका मानी जाती है।

पहले भी हो चुका है बड़ा विमान हादसा

गौरतलब है कि इसी साल 5 मार्च को असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का Su-30MKI लड़ाकू विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वह विमान भी जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन से नियमित उड़ान पर रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया और बाद में वह पहाड़ी क्षेत्र में क्रैश मिला। उस हादसे में वायुसेना के दो पायलटों की जान चली गई थी। अब AN-32 दुर्घटना ने एक बार फिर वायुसेना की उड़ान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *