Panchayat Chunav Voting Live: 3 बजे तक 35 फीसदी मतदान, दरभंगा में पुलिस की गाड़ी पर पथराव

0
322

बिहार में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है। इस चरण में 35 जिलों के 50 प्रखंडों में वोट डाले जा रहे हैं। दरभंगा जिले के बहेड़ी प्रखंड की हावीडीह उत्तरी पंचायत के बसकट्टी गांव में बूथ संख्या 233 पर गड़बड़ी फैलाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड में मतदाताओं ने बीडीओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा जमकर हंगामा किया। वहीं बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड में बूथों पर वोट देने आए वोटरों को टीका लगाने की भी व्यवस्था की गई है। लेकिन कई केंद्र पर देर से कर्मी पहुंचे।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक पंचायत चुनाव में शाम 3 बजे तक 35 फीसदी मतदान हुआ। तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के तहत 35 जिलों के 50 प्रखंडो की 753 पंचायतों में मतदान हो रहा है। इस चरण में कुल 23,128 सीटों के लिए चुनाव होगा। इनमें पंचायत सदस्य के 10240, पंच के 10,240, मुखिया के 753, पंचायत समिति सदस्य के 1034, सरपंच के 753 व जिला परिषद सदस्य के 108 सीटों के लिए चुनाव होगा। 

लाइव अपडेट :

– राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक पंचायत चुनाव में शाम 3 बजे तक 35 फीसदी मतदान हुआ। तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के तहत 35 जिलों के 50 प्रखंडो की 753 पंचायतों में मतदान हो रहा है।

– दरभंगा जिले के बहेड़ी प्रखंड की हावीडीह उत्तरी पंचायत के बसकट्टी गांव में बूथ संख्या 233 पर गड़बड़ी फैलाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।

– गोपालगंज: भोरे प्रखंड की हुस्सेपुर पंचायत के मतदाताओं ने किया हंगामा, मतदान करने आए मतदाताओं ने बीडीओ पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप।
तिवारी चकिया बूथ पर मतदाताओं ने किया हंगामा।

– पंचायत आम निर्वाचन 2021 के तहत तृतीय चरण में रजौली प्रखंड के 194 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वच्छ, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान चल रहा है। जिला नियंत्रण कक्ष नवादा के द्वारा सभी मतदान केंद्रों से पल-पल की जानकारी प्राप्त की जा रही है। अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में चल रहा है। दोपहर 1 बजे तक मतदान का प्रतिशत 42% है जिसमें पुरुषों ने 40 और महिलाओं ने 44% मतदान किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी यशपाल मीणा ने नवादा के 50 से अधिक मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को कई आवश्यक निर्देश दिए।

– जंदाहा प्रखंड के कजरी बुजुर्ग गांव में पत्नी रेणु कुशवाहा के साथ मतदान करने के बाद बाहर निकलकर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने स्याही का निशान दिखाया।

– चुनाव में गड़बड़ी की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने कसियां पैक्स अध्यक्ष मुन्ना सिंह, अरियांव पैक्स अध्यक्ष सुरेश सिंह, कसियां के मुखिया प्रत्याशी राजीव रंजन सिंह, कसियां के मुखिया प्रत्याशी के प्रतिनिधि गोपाल तिवारी और लाखनडिहरा के मुखिया प्रत्याशी अंगद दुबे सहित आठ लोगों को थाने में रोका है। 

–  प्रखंड के चौदह पंचायतों में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। पंचायतों के बूथों पर कतार में खडे होकर मतदाता अपना वोट डाल रहे हैं। ग्यारह बजे तक चौदह पंचायतों में कुल 28 प्रतिशत मतदान हो चुका है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

– तीसरे चरण में भवानीपुर प्रखंड के 164 और बीकोठी प्रखंड के 258 मतदान केंद्र पर शुक्रवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। लगभग आधे दर्जन मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की वजह से शुरुआती दौर में मतदान प्रभावित रहा। जिसे तत्काल कार्यरत इंजीनियरों द्वारा ठीक कर मतदान कार्य सुचारु करवाया गया। अहले सुबह नौ बजे तक भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में महज पांच फीसदी मतदान हो पाया था। जबकि दिन के ग्यारह बजे तक प्रखंड क्षेत्र के 23 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं के बीच प्रखंड क्षेत्र में मतदान का कार्य जारी है।

– डंडारी में शुक्रवार सुबह 7 बजे से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान शुरू होने से पहले ही जागरूक मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंच चुके थे। इनमें महिला वोटरों की संख्या सबसे अधिक देखी गई। 9 बजे तक मतदान का प्रतिशत 12 था। बायोमेट्रिक पद्धति से मतदाताओं की पहचान किए जाने तथा छह पद के लिए मतदाताओं द्वारा ईवीएम एवं मतपत्र दोनों का उपयोग को लेकर मतदान धीमी गति से चलता रहा। जो लाइन में खड़े मतदाताओं के उत्साह में खलल डालने जैसा था। मतदान के दौरान उत्साहित मतदाताओं द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकांश मतदाता बिना मास्क लगाए ही लाइन में खड़े थे। जिन्हें पुलिस कर्मी मास्क लगाने की हिदायत दे रहे थे। प्रखंड क्षेत्र के 52 अतिसंवेदनशील एवं 36 संवेदनशील मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।

– भोजपुर के जगदीशपुर में गश्ती पार्टी की ओर से धनगाई थाने के समीप बसौना पंचायत की बूथ संख्या 49 के पास निवास करने वाले लोगों को घर में घुसकर पीटने के आरोप में लोगों ने तत्काल वोट डालना बंद कर दिया। आरा-बक्सर हाइवे पर धनगाई थाने के समीप सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

– डुमरांव प्रखंड के अरियांव के हाई स्कूल बूथ पर डीएम अमन समीर और एसपी नीरज कुमार सिंह पहुंचे। डीएम ने वोटरों से कोरोना वैक्सीन के बारे जानकारी ली। इस दौरान बूथ के साथ मतदान केंद्र में प्रवेश करने वाले युवक के बारे में जानकारी ली। ड्यूटी पर तैनात एएसआई को एसपी ने फटकार लगायी। हिदायत दी कि अनाधिकृत लोगों को प्रवेश नहीं करने दे।

– पंचायत चुनाव में अधिकारियों को अपनी क्षमता से अधिक काम करने की मजबूरी है। गुरुवार देर रात तक जिले के कई अधिकारी समेत रानीगंज बीडीओ अरविंद कुमार मतदान कर्मियों को बूथों तक भेजने में व्यस्त थे। वहीं शुक्रवार की सुबह होते ही कई अधिकारी बूथों पर रवाना हो गए। मतदान शुरू होते ही रानीगंज के परिहारी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय संथाली टोला बूथ संख्या 175 में ड्यूटी के दौरान ही मजिस्ट्रेट सह मनरेगा के पीओ विनय कुमार बेहोश हो गए। नवीन कुमार की तबियत गुरुवार से खराब बताई जा रही थी। जानकारी अनुसार उन्होंने देर शाम दवा ली थी। परिजनों का आरोप है कि वरीय अधिकारियों के दबाव के कारण उसे ड्यूटी पर जाना पड़ा।

– भोरे प्रखंड की हुस्सेपुर पंचायत में मतदान करने आए मतदाताओं ने बीडीओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। तिवारी चकिया बूथ पर मतदाताओं ने किया हंगामा।

– पूर्णिया जिला के भवानीपुर और बी कोठी प्रखंड में करीब 12% मतदान हो चुका है। महिलाओं की काफी भीड़ मतदान केंद्रों पर उमड़ पड़ी है।

– डुमरांव प्रखंड में मतदान को लेकर महिला वोटरों में उत्साह है। नंदन पंचायत के कन्या मध्य विद्यालय बूथ संख्या 203, 204 और 205 पर जाने के लिए पहुंच पथ नहीं है। मतदाता धान के खेत के बीच पगडंडियों के सहारे पहुंच रहे हैं।

– डुमरांव प्रखंड के लाखनडिहरा गांव में मतदान केंद्र संख्या 212 पर खराब ईवीएम के कारण कुछ समय के लिए मतदान रूका रहा। बाद में ईवीएम को ठीक कर मतदान की प्रक्रिया शुरू कराई गई। इससे कुछ देर के लिए वोटरों की लंबी लाइन लग गई थी।

– डुमरांव के मतदान केद्रों पर इस बार कोरोना की वैक्सीन भी देने की व्यवस्था कराई गई है। कुल 150 बूथों पर कोरोना की वैक्सीन के साथ स्वास्थ्यकर्मी सुबह से ही लोगों को टीका लगा रहे हैं। जिन वोटर्स ने कोरोना की वैक्सीन नहीं ली है वे पहले टीका लगा रहे हैं। इसके बाद मतदान करने के लिए अंदर में प्रवेश कर रहे हैं। कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए यह अभियान जिला पदाधिकारी अमन समीर के निर्देश पर शुरू किया गया है।

– डुमरांव प्रखंड में सुबह से ही मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शुक्रवार को शुरू हुए मतदान में सुबह 9 बजे तक 8% मतदान हुआ। जिसमें 7.5 % पुरुष मतदान और  8.5% महिला मतदान कर चुकी हैं। अभी भी मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी-लंबी कतार लगी हुई है।

– जंदाहा के बसंतपुर पंचायत रंगरेजा में बूथ संख्या 43 पर मतदान करने के लिए वोटर नाव पर सवार होकर जाते हुए। आने-जाने के लिए लोगों को लाने और ले जाने के लिए नाव का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़क पर कमर से ऊपर तक पानी भरा है।

– रानीगंज में गांव की सरकार चुनने के प्रति मतदाताओं में कितना उत्साह है, इसका नजारा शुक्रवार की सुबह देखने को मिला। जब रानीगंज के बिशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 के महादलित टोले के वोटर मतदान के लिए नाव से दुलरदेई नदी के सोझा घाट पार कर अपने-अपने बूथ पर पहुंचे। हालांकि इन मतदाताओं में नदी पार करके आने की मजबूरी भी साफ देखी गयी। 

– तिवई गांव के बूथ पर बीडीसी के लिए ईवीएम खराब होने के चलते आधे घंटे देरी से शुरू हुआ मतदान।

– अररिया में जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार सुबह 9 बजे तक 9.5% मतदान हुआ है। सभी बूथों पर मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।

– काराकाट प्रखंड के 270 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण मतदान आरंभ हुआ। कुछ बूथों पर तकनीकी खराबी के कारण देर से मतदान आरंभ हुआ। ईवीएम मशीनों में आई तकनीकी खराबी को कुशल तकनीक द्वारा बहुत जल्द ही ठीक कर लिया गया। ईवीएम ठीक होने के उपरांत 5 से 10 मिनट के अंदर है ईवीएम द्वारा मतदान आरंभ हो गया।

– बहेड़ी के ग्राम पंचायत राज इनाई के बूथ संख्या 280 एवं 283 पर दो घंटे तक ईवीएम खराब रहने के कारण सुबह नौ बजे बजे के बाद शुरू हुई वोटिंग।

– गोपालगंज में मतदान में गड़बड़ी करने के आरोप में 4 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसपी आनंद कुमार ने बताया कि क्विक रेस्पॉन्स टीम सूचना मिलने के साथ कार्रवाई कर रही है।

–  गोपालगंज प्रखंड में 435 पदों के लिए पंचायत चुनाव चल रहा है। सुबह में मतदान केंद्रों पर काफी कम संख्या में मतदाता दिखे। लेकिन, दिन चढ़ने के साथ  बड़ी संख्या में वोटिंग के लिए मतदाता पहुंच रहे हैं।

– रजौन प्रखंड की 18 पंचायतों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया। अधिकांश मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी है। हर बूथ पर पुलिस प्रशासन की चौकसी बनी हुई है।

– रजौन प्रखंड में एक पंचायत में दो पंचायत समिति सदस्य के उम्मीदवार और समर्थकों के बीच आपसी विवाद को लेकर झड़प हुई। हालांकि बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामले को शांत किया। 

– रानीगंज प्रखंड के छतियोना में पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय छतियोना बूथ संख्या 312 में जिला परिषद सदस्य पद का ईवीएम मशीन में गड़बड़ी होने के कारण 7 बजे से ही मतदान बंद है। हालांकि इसे ठीक किया जा रहा है। वहीं परमानंदपुर पंचायत के बूथ संख्यां 119 का जिला परिषद एवं समिति का ईवीएम खराब होने की खबर हैं।

– नवादा जिले के रजौली प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। कई मतदान केंद्रों पर लंबी लंबी लाइन लगी है। स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान के लिए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सक्रिय हैं। जिला नियंत्रण कक्ष से ही सभी मतदान केंद्रों की गहन निगरानी की जा रही है। फिलहाल सभी मतदान केंद्रों पर शांति से मतदान की प्रक्रिया चल रही है।

– सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड के डहरिया पंचायत भवन में बने बूथ संख्या 231 और 232 में शुक्रवार को वोटरों की लाइन लग गई। यहां सुबह 6 बजे से ही वोटर खासकर महिला मतदाता लाइन में लगी थीं। इसी बूथ के बाहर कोविड का टीका भी लगाया जा रहा है।

– रानीगंज के मध्य विद्यालय गितवास में 20 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। हांसा पंचायत के बूथ संख्या 207 में मुखिया पद का ईवीएम खराब होने के कारण आधे घंटे बाद वोटिंग शुरू हुआ।

– भोजपुर के जगदीशपुर के तेंदूनी मध्य विद्यालय की मतदान संख्या 77 पर 45 मिनट से ईवीएम मशीन खराब है। वोटरों की लंबी कतार लग गई है।

– जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड के 14 पंचायतों में जिला पार्षद मुखिया समेत अन्य पदों के लिए मतदान शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जा रहा है। वोट डालने के लिए मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। एक लाख पांच हजार 890 मतदाता 1583 मतदाताओं के भाग्य का फैसला करेंगे। 223 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। मतदान संख्या 11, 12 और 17 पर महिला मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली। इस चुनाव में 60 फीसदी महिला प्रत्याशी ही किस्मत आजमा रही हैं। वहीं अरवल जिले के कुर्था प्रखंड के 12 पंचायतों में 87000 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए लोग आ रहे हैं। कोविड के नियमों का पालन नहीं हो रहा है। लोग एक दूसरे से संपर्क में दिख रहे हैं। जहानाबाद के डीएम हिमांशु कुमार राय, एसपी दीपक रंजन समेत कई अधिकारी मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं।

– बक्सर जिले के डुमरांव मतदान केंद्र पर भारी संख्या में सुबह 6 बजे से ही मतदाताओं की भीड़ उमड़ी हुई है। मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। जिले के पदाधिकारी भी यहां कैंप कर रहे हैं।

– बक्सर जिले के डुमरांव के नंदन पंचायत के पंचायत भवन बूथ पर सुबह से महिला-पुरुष वोटरों की कतार लग गयी। पंचायत भवन तक रास्ता संकरा होने के कारण मतदाताओं को परेशानी हो रही थी। वहीं नंदन पंचायत के पैक्स भवन पर भी वोटरों की कतार सुबह से लग गयी। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर लंबी कतार यह बता रही है कि चुनाव को लेकर वोटरों में उत्साह है।

-कड़ी सुरक्षा के बीच रानीगंज प्रखंड के 30 पंचायतों में मतदान शुरू हुआ। सुबह के साढ़े छह बजे से ही मतदान को लेकर बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गयी थी। खासकर महिला मतदाताओं में अधिक उत्साह देखा जा रहा है। सुबह के साढ़े छह बजे रानीगंज के मध्य विद्यालय रामपुर के बूथ संख्या 157 पर मतदान के लिए मतदान कर्मी ईवीएम को सेट करने में लगे थे। बूथों पर रोशनी की व्यवस्था की गई है। वहीं कई मतदाता अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं बूथों पर मतदाताओ का पहुंचना शुरू हो गया है। बूथ संख्या 157 पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान तय समय पर शुरू हुआ। 

– कटिहार के उत्क्रमित मध्य विद्यालय विद्यालय संदलपुर कोढ़ा प्रखंड में मतदान करने के लिए मतदाताओं की भीड़ लगी है।

– कैमूर के चैनपुर प्रखंड के 213 बूथों पर आज मतदान होना है। कुछ मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो गई है तो कुछ जगहों पर वोटरों की लंबी कतार लगी है। मतदान को लेकर युवा मतदाता उत्साहित दिख रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा वोटिंग कराने के लिए प्रत्याशी भी मतदाताओं को बूथ पर जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here