सिंगल यूज़ प्लास्टिक बैन : नगर निगम कल से चलाएगा जागरुकता अभियान, कार्रवाई की भी तैयारी

0
93

कानपुर समेत पूरे यूपी में 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल से बने प्रोडक्ट बैन हो रही है। इससे पहले नगर निगम 29 जून से 3 जुलाई तक जागरुकता अभियान चलाएगा। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने इसकी जानकारी दी।

नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त ने जागरुकता अभियान संबंधित दी जानकारी।

कल से चलेगा जागरुकता अभियान
नगर निगम द्वारा कल सीएसजेएम यूनिवर्सिटी में अभियान की शुरुआत की जाएगी। यूनिवर्सिटी वीसी प्रो. विनय पाठक जागरुकता कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरुक भी किया जाएगा। इसके बाद नगर निगम बाजारों और मेडिकल स्टोर में प्लास्टिक बैन को लेकर जागरुकता के साथ ही प्लास्टिक भी जब्त करेगा।

ईयरबड से लेकर स्ट्रा तक बैन
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमित सिंह ने बताया कि सितंबर-2021 में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक को बैन किया गया था। इसमें ईयरबड, बैलुन, आइसक्रीम और कैंडी में लगी प्लास्टिक स्टिक तक को बैन किया गया है। इनके प्रोडक्शन पर भी पूरी तरह बैन रहेगा।

कपड़े के बैग जितनी होनी चाहिए मोटाई
UPPCB के रिजनल ऑफिसर डा. अनिल माथुर ने बताया कि जनवरी-2022 से प्लास्टिक कैरीबैग की मोटाई अब 50 से बढ़ाकर 120 माइक्रॉन कर दी गई है। इसको रिसाइकिल किया जा सकेगा।

ये पॉलिथीन की मोटाई कपड़े के बैग जितनी मोटी होगी। बता दें कि पूरे प्रदेश में साल 2018 में प्लास्टिक कैरी बैग को पूरी तरह बैन किया जा चुका है। लेकिन बंदी का असर कहीं नहीं दिखता है।

मोटाई नापने के लिए खरीदी जाएगी मशीन
UPPCB और नगर निगम की ज्वाइंट टीमें जल्द ही जागरुकता अभियान के बाद सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर अभियान चलाएगी। टीमों के पास माइक्रॉन नापने की मशीन भी होगी। मशीनों को खरीदने के लिए डीएम विशाख जी ने पॉल्यूशन बोर्ड को निर्देश दिए हैं।

इन पर भी लगेगा बैन
थर्माकोल से बने प्लेट, कप, ग्लास, कटलरी जैसे कांटे, चम्मच, चाकू, पुआल, ट्रे, रैपिंग, पैकिंग फिल्म्स, निमंत्रण कार्ड पर प्लास्टिक पैकिंग, सिगरेट के पैकेट, प्लास्टिक के झंडे समेत अन्य सामानों पर प्लास्टिक का यूज नहीं होगा।

नगर निगम चलाएगा जागरुकता अभियान

  • हर दिन 35 स्कूलों में प्लास्टिक यूज न करने की शपथ दिलाई जाएगी।
  • हर दिन 10 NGO 10 विभिन्न स्थानों पर जागरुकता अभियान चलाएंगी।
  • रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक कलेक्शन ड्राइव चलाई जाएगी।
  • रोजाना 150 स्थानों पर प्लास्टिक डोनेशन ड्राइव चलेगी।
  • रोजाना 150 स्थानों पर क्लीनिंग ड्राइव चलेगी।

यहां होंगे कार्यक्रम

  • 29 जून को यूनिवर्सिटी में जागरुकता कार्यक्रम
  • 30 जून को पांडु नगर जवाहर पार्क
  • 1 जुलाई को कारगिल पार्क में इको मेला
  • 2 जुलाई को गंगा किनारे 5 घाटों की सफाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here