Agneepath Scheme Protest LIVE: शहर-शहर में रोष, हिंसक हुआ आक्रोश, दिल्ली तक पहुंचा विरोध

0
123

Agneepath Scheme Protest: नरेंद्र मोदी सरकार ने मंगलवार को सेना में बहाली के लिए ‘अग्निपथ’ योजना की घोषणा की थी। देश के कई राज्यों में इसका जमकर विरोध हो रहा है। बिहार-यूपी में इसका असर दिख रहा है।

Protest against Agneepath Scheme: नरेंद्र मोदी सरकार ने मंगलवार को सेना में बहाली के लिए ‘अग्निपथ’ योजना की घोषणा की थी। देश के कई राज्यों में इसका जमकर विरोध हो रहा है। बिहार और उत्तर प्रदेश में इसका सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। इस बहाली योजना के खिलाफ प्रदर्शन आज भी जारी है। आंदोलनकारियों ने इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है। सरकार इसके लिए फिलहाल तैयार नहीं दिख रही है। हालांकि, कल एक संसोधन जरूर किया गया। इस साल के लिए अधिकतम उम्र की सीमा को 21 साल से बढ़ाकर 23 साल कर दिया गया। आपको बता दें कि कई राजनीतिक दलों ने भी इस स्कीम को वापस लेने की मांग की है। अग्निपथ योजना के खिलाफ जारी आंदोलन की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें…

Protest Against Agneepath: हरियाणा में हालात गंभीर, गुरुग्राम में धारा 144 लागू

अग्निपथ योजना पर जारी विरोध प्रदर्शन के खिलाफ हरियाणा में प्रशासन सख्त रवैया अपना रहा है। गुरुग्राम में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस दौरान चार से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी रहेगी।

Fri, 17 Jun 2022 12:35 PM

‘अग्निपथ’ पर आगबबूला हुए प्रदर्शनकारी: भरतपुर में जाम किया रेलवे ट्रैक, पत्थरबाजी में कई पुलिसवाले घायल

सेना भर्ती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना को लेकर पूरे देश में युवाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी बीच अग्निपथ योजना से नाराज सैकड़ों की संख्या में युवा राजस्थान के भरतपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए और जयपुर-आगरा रेलवे ट्रैक पर जाम लगा दिया। आक्रोशित युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Fri, 17 Jun 2022 12:34 PM

Protest Against Agneepath: ‘अग्निपथ’ के खिलाफ सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर हिंसक प्रदर्शन; एक की मौत, 8 घायल

Protest Against Agneepath: रक्षा मंत्रालय की नई ‘अग्निपथ’ योजना के विरोध में शुक्रवार को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर गुस्साई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल ले जाया गया। सेना भर्ती परीक्षाओं के इच्छुक सैकड़ों उम्मीदवारों ने तेलंगाना शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन में तोड़फोड़ की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “जीआरपी को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद गुस्साई भीड़ पर गोलियां चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा।”

Fri, 17 Jun 2022 12:29 PM

Protest against Agneepath: छपरा में इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में प्रदर्शनकारियों ने लगाई आग

बिहार के छपरा के रसूलपुर थाना क्षेत्र के चैनवा में टोलप्लाजा पर तोड़फोड़ और आगजनी की गई। वहीं, चैनवा स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के इंजन में आग लगाने की प्रारंभिक सूचना मिल रही है।

Fri, 17 Jun 2022 12:10 PM

Protest Against Agneepath: अग्निपथ विरोध के कारण अब तक 35 ट्रेनें रद्द, 200 से अधिक प्रभावित

अग्निपथ के खिलाफ चल रहे आंदोलन के कारण कुल 200 ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पूरे देश में 35 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 13 को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है।

Fri, 17 Jun 2022 12:07 PM

सैनिक के लिए इतना वक्त बेहद कम, अमरिंदर सिंह ने बताया क्यों खराब है अग्निपथ स्कीम

भारतीय सशस्त्र बलों में ‘अग्निपथ’ योजना के तहत चार साल के लिए भर्ती का विरोध कर रहे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अब कारण भी गिना दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि बहुत ही कम है। साथ ही उनका कहना है कि यह व्यवस्था सेना के लिए काम नहीं आएगी। खास बात है कि सिंह भी राजनेता बनने से पहले 1963 से 1966 के बीच सेना का हिस्सा रह चुके हैं। 

Fri, 17 Jun 2022 12:04 PM

अग्निपथ के खिलाफ जारी विरोध के बीच सेना बोली- जल्द जारी करेंगे शेड्यूल

अग्निपथ के खिलाफ देश में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच गुरुवार को केंद्र सरकार ने अधितम उम्र सीमा में छूट देने की घोषणा की थी। इसको लेकर सेना के तरफ से भी बयान जारी किया गया है। उन्होंने कहा है कि 2022 में होने वाली बहाली के लिए अधिकतम उम्र को बढ़ाकर 23 वर्ष करने का सरकार का निर्णय प्राप्त हुआ है। सेना ने कहा, ”यह निर्णय हमारे कई युवा, ऊर्जावान और देशभक्त युवाओं के लिए एक अवसर प्रदान करेगा, जो COVID महामारी के बावजूद भर्ती में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे।”

सेना ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया का कार्यक्रम शीघ्र ही घोषित किया जाएगा। हम अपने युवाओं से भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होने के इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here