उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच संत रविदास की जयंती पर वाराणसी में सियासत के दिग्गजों का जमावड़ा नजर आया। एक तरफ जहां पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सुबह-सुबह वाराणसी पहुंचे. तो वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविदास मंदिर पहुंचकर मत्था टेका।
बता दें कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी बुधवार दोपहर में सीरगोवर्धनपुर पहुंचे। दोनों ने संत रविदास मंदिर में मत्था टेकने के बाद संत निरंजन दास से आशीर्वाद भी लिया। बाबतपुर एयरपोर्ट से दोनों नेता सड़क मार्ग से मंदिर पहुंचे। इस दौरान प्रियंका गांधी लंगर भी परोसा, जिसका वीडियो उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किया।
बता दें कि राहुल गांधी रविदास मंदिर में 2011 में मत्था टेकने के बाद लंगर भी छके थे। प्रियंका गांधी इससे पहले भी दो बार जयंती में आ चुकी हैं। वहीं, आज सुबह प्रियंका ने ट्वीट कर कहा था कि हर साल की तरह आज के दिन वाराणसी स्थित संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली पर मत्था टेकूँगी। आज भाई के साथ जाने में और भी ख़ुशी हो रही है।
वहीं, एक अन्य ट्वीट में, जिसमें प्रियंका गांधी ने लंगर परोसने का वीडियो ट्वीट किया है, लिखा कि ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न।
आपको बता दें कि चुनाव आयोग (ईसीआई) ने गुरु रविदास जयंती के मद्देनजर पंजाब विधानसभा चुनाव स्थगित कर दिया था। राज्य में पहले 14 फरवरी को मतदान होना था। अब 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से तारीख बदलने का अनुरोध किया था। इनका कहना था कि गुरु रविदास के अनुयायी त्योहार से दो दिन पहले होने वाले मतदान में शामिल नहीं हो पाएंगे। आपको बता दें कि वे वाराणसी की वार्षिक तीर्थयात्रा पर निकलते हैं।