एक कम्युनिटी जो भारत में सबसे ज्यादा पैसा भेजती है। तीन बड़े देशों में उसके प्रधानमंत्री हैं और दो देशों में राष्ट्रपति और एक देश में उप-राष्ट्रपति। दुनिया की टॉप कंपनियों में उसके CEO हैं। हम बात कर रहे हैं प्रवासी भारतीयों की।
इनका कद इस बात से समझ सकते हैं कि भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और कई ताकतवर कैबिनेट मंत्री इनके स्वागत के लिए 9 जनवरी को इंदौर आ रहे हैं। मौका है 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का।

प्रवासी भारतीयों में विदेश जाकर कमाने वाले भारतीय ही शामिल हैं या कोई और भी होता है?
जवाब: Diaspora ग्रीक शब्द है। ग्रीक में इसका मतलब बीजों को बिखेरना (scattering of seeds) होता है। बाद में डायस्पोरा शब्द का यूज ज्यू समुदाय के लोगों के लिए होने लगा, जिन्हें विभिन्न देशों से बाहर निकाल दिया गया और दूसरे देश में बस गए। आज डायस्पोरा यानी प्रवासी शब्द आम तौर पर उन्हीं लोगों के लिए उपयोग किया जाता है जो किन्हीं वजहों से अपने मूल देश से बाहर रह रहे हों।
यानी भारत से जो लोग दूसरे देशों में चले गए उन्हें ही इंडियन डायस्पोरा या प्रवासी भारतीय कहते हैं। ब्रिटिश शासन के दौरान बड़ी संख्या में भारतीय फिजी, केन्या और मलेशिया जैसे देशों में गए जो खुद भी ब्रिटिश कॉलोनी थे। यह आजादी के बाद विभिन्न सामाजिक स्तरों पर जारी है। अब भारतीय ब्रिटेन, अमेरिका और खाड़ी देशों में जाना पसंद करते हैं।
- नॉन रेजिडेंट इंडियन यानी NRI : ऐसे भारतीय नागरिक जो रोजगार या शिक्षा के लिए अस्थायी रूप से 6 महीने के लिए दूसरे देश में चले गए गए हों। इनमें से कुछ भारतीय नागरिक विदेश में ही बस जाते है और उस देश की नागरिकता प्राप्त कर लेते है, ऐसे लोगो को NRI कहा जाता है|
- पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजिन यानी PIO : एक ऐसा शख्स जो जन्म से या वंश से तो भारतीय है, परंतु वह भारत में रहता नहीं है।
- ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया यानी OCI : ऐसे शख्स जो 26 जनवरी 1950 को या उसके बाद भारत के नागरिक थे या उस तारीख पर भारत का नागरिक बनने योग्य थे या 15 अगस्त, 1947 के बाद भारत का हिस्सा बने किसी क्षेत्र से संबंधित थे या ऐसे व्यक्ति का बच्चा या पोता, जो अन्य मानदंड पूरे करता हो।
भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों के लिए पहली बार साल 2002 में PIO कार्ड को लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य विदेशों में रह रहे भारतीयों को उनकी थर्ड जेनरेशन से जोड़ना था। OCI कार्ड को 2005 में लागू किया गया था। इसमें PIO कार्ड की तुलना में ज्यादा बेनिफिट दिए गए थे। यह कार्ड जीवनभर के लिए वैलिड था। 2015 में PIO कार्ड स्कीम को भारत सरकार ने वापस ले लिया और इसे OCI में मर्ज कर दिया।
दुनियाभर में प्रवासी भारतीयों की संख्या कितनी है और कौन-कौन से अहम पदों पर हैं?
जवाब: भारतीय विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर के 100 से ज्यादा देशों में 3.2 करोड़ इंडियन डायस्पोरा हैं। देश के बाहर रहने भारतीयों की संख्या पिछले 28 साल में 346% बढ़ी है। 1990 में विदेश में रहने वाले भारतीयों की संख्या 90 लाख थी।
अप्रैल 2022 में लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया था कि 1 जनवरी 2015 से 30 सितंबर 2021 के बीच करीब 9 लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है। यानी हर रोज करीब 350 भारतीय देश की नागरिकता छोड़ रहे हैं।
3 बड़े देशों में भारतीय मूल के प्रधानमंत्री, अमेरिका में उपराष्ट्रपति
इस दुनिया के 3 देशों में ब्रिटेन, पुर्तगाल और आयरलैंड में भारतीय मूल के प्रधानमंत्री हैं। ब्रिटेन में ऋषि सुनक, आयरलैंड में लियो वराडकर और पुर्तगाल में एंटोनियो कोस्टा प्रधानमंत्री हैं। इसके साथ ही अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस भी इंडियन इंडियन डायस्पोरा में आती हैं। गुयाना के राष्ट्रपति मो. इरफान अली व सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी भी भारतीय मूल के हैं। वहीं लगभग 30 देशों में 285 से ज्यादा सांसद भारतीय मूल के हैं।
भारतीय प्रवासी दिवस मनाने का उद्देश्य क्या है?
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन आयोजित करने का प्रमुख उद्देश्य प्रवासी भारतीय समुदाय की उपलब्धियों को मंच प्रदान कर उनको दुनिया के सामने लाना है।
प्रवासी भारतीयों की भारत के प्रति सोच, भावना की अभिव्यक्ति, देशवासियों के साथ सकारात्मक बातचीत के लिये एक मंच उपलब्ध कराना।
विश्व के सभी देशों में प्रवासी भारतीयों का नेटवर्क बनाना। युवा पीढ़ी को प्रवासियों से जोड़ना तथा विदेशों में रह रहे भारतीय कामगारों की कठिनाइयां जानना तथा उन्हें दूर करने के प्रयास करना हैं।