कानपुर में आईआईटी से अर्मापुर का सफर तय कर चुका तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आया है। बुधवार को आर्डिनेंस फैक्टरी से निकलकर अर्मापुर कॉलोनी जा पहुंचा तेंदुआ गुरुवार तड़के पनकी बी ब्लॉक में दिखाई दिया।

कानपुर में आईआईटी से अर्मापुर का सफर तय कर चुका तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आया है। बुधवार को आर्डिनेंस फैक्टरी से निकलकर अर्मापुर कॉलोनी जा पहुंचा तेंदुआ गुरुवार तड़के पनकी बी ब्लॉक में दिखाई दिया। मोटरसाइकिल की रोशनी देखकर तेंदुआ झाड़ियों में जा छिपा। इसके बाद गुरुवार सुबह साढ़े दस एक बार फिर आर्डिनेंस फैक्टरी परिसर में देखा गया। वन विभाग की टीम ने भी इसकी पुष्टि की है। साथ ही पहली बार ये भी पता चला है कि तेंदुआ नर है, इसलिए उसे पकड़ने के लिए शुक्रवार से नई रणनीति पर काम होगा।
बुधवार को तेंदुआ अर्मापुर कॉलोनी में टहलता पाया गया। वहां के निवासियों ने देखा तो दहशत के मारे पूरी कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया। वहां निगरानी बढ़ी तो तेंदुआ और आगे बढ़ गया। गुरुवार तड़के कुछ महिलाओं और बाइक सवारों ने उसे पनकी बी ब्लॉक के पास संकरी रोड किनारे देखा तो ठिठक गए। रोशनी देख तेंदुआ पहले रुका, नजदीक आया और एकाएक झाड़ियों में जाकर ओझल हो गया।
तीन महिलाओं ने तो उसे करीब दस फीट की दूरी से सड़क पार करते देखा। क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश में आसपास के संभावित स्थानों पर कॉम्बिंग भी कराई लेकिन कोई पता नहीं चला। तभी गुरुवार सुबह 1030 बजे उसे स्माल आर्म्स फैक्टरी की दीवार फांदकर आर्डिनेंस फैक्टरी में दाखिल होते देखा गया। सुरक्षाकर्मियों द्वारा तेंदुआ देखे जाने पर वन विभाग और चिड़ियाघर के डॉ़. मोहम्मद नासिर, डॉ. नितेश कटियार वाली रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
दस किलोमीटर के इलाके में हड़कंप
तेंदुए की चहलकदमी से अर्मापुर, पनकी और आसपास के इलाकों में तेंदुए के कारण शाम ढलते ही सन्नाटा हो रहा है। बच्चों के बाहर खेलने पर रोक लगा दी गई है। दिन में खुले रहने वाले दरवाजे भी बंद रखे जा रहे हैं। अर्मापुर, पनकी नहर और उसके आसपास के इलाकों में दुकानदार और ठेले लगाने वाले भी अंधेरा होने से पहले ही घरों को लौट जाते हैं। अब तक अग्निवीर भर्ती के चलते विजय नगर से अर्मापुर स्टेट के सामने कालपी रोड पर युवाओं का जमघट लगा रहता था। गुरुवार को भर्ती संपन्न हो जाने के बाद यहां भी सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच दोपहर में नौरैयाखेड़ा इलाके में भी एक युवक ने तेंदुआ देखने का दावा किया। वनविभाग की टीमों ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाए हैं। दोनों संस्थानों में इंफ्रारेड कैमरे लगाए गए हैं।
आज लगेगा पिंजड़ा
डॉ. नासिर के मुताबिक दहशत फैला रहा तेंदुआ नर है। ओफसी में दो बार देखे जाने के बाद अब उसे यहीं पकड़ने की रणनीति बनाई जा रही है। शुक्रवार सुबह यहां पिंजड़ा भी लगाया जाएगा। चिड़ियाघर से मादा तेंदुआ की यूरिन लाकर उसका छिड़काव किया जाएगा।