बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी एक्टर और सिंगर पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा से मिलकर अपने सारे गिले-शिकवे दूर कर लिए हैं | 2024 में पवन सिंह के निर्दलीय चुनाव लड़ने के चलते उपेंद्र कुशवाहा चुनाव हार गए थे | भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का ‘घर वापसी’ का रास्ता साफ़ हो गया है | राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से मंगलवार को पवन सिंह ने उनके दिल्ली आवास पर जाकर मुलाकात की | वह उपेंद्र कुशवाहा के गले मिले और पैर छुए | माना जा रहा है की दोनों के बीच सारे गिले शिकवे मिट गए है |

पवन सिंह ने क्या लिखा पोस्ट में ?
भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने मंगलवार को उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसके बाद बिहार की सियासत में सरगर्मी तेज हो गई है।
पवन सिंह ने अमित शाह, जेपी नड्डा और उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “जातिवादी राजनीति के पोषकों के दिल पे आज ई फोटो देख के साँप लोट रहा होगा। लेकिन जिनके दिल में विकसित बिहार का सपना बसता है, वो कब तक एक दूसरे से दूर रह सकते है। आज हमारे माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी माननीय उपेंद्र कुशवाहा जी से मुलाक़ात हुई और उन्होंने दिल से आशीर्वाद दिया।” पवन सिंह ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “मोदी जी और नीतीश जी के सपनों का बिहार बनाने में आपका बेटा पवन पूरा पावर लगाएगा।”

तेज प्रताप यादव की क्या है प्रतिक्रिया ?
वहीं, इस मुलाकात पर नेताओं की बयानबाजी भी शुरू हो गई है। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव का भी रिएक्शन सामने आया है। तेज प्रताप ने पवन सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें नसीहत भी दिया है।
तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “पवन सिंह लगातार किसी न किसी के पैरों में गिर ही रहे हैं। कभी वह लखनऊ में हमारे पैरों में गिरे रहते थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा है, उनकी बुद्धि और विवेक अभी काम नहीं कर रहा है… वे कलाकार हैं और उन्हें कलाकारी ही करनी चाहिए, वे कहां राजनीति में पड़ रहे हैं।”













