बॉलीवुड के ‘खिलाडी’ यानि अक्षय कुमार ने हाल ही में एक शर्मनाक घटना का खुलासा किया है | उन्होंने साइबर क्राइम के बढ़ते खतरे को उजागर किया और बताया कैसे इस जाल में उनकी 13 साल की बेटी नितारा गेम खेलते-खेलते गंदी हरकत का शिकार होने से बच गई | उन्होंने इस मामले को सीएम देवेंद्र फडणवीस के सामने उठाया और बताया कि किस तरह उनकी बेटी साइबर क्राइम का शिकार बनीं | इसके साथ ही उन्होंने सीएम से एक खास गुजारिश भी की |

महाराष्ट्र पुलिस के ‘साइबर अवेयरनेस मंथ’ के उद्घाटन समारोह में अक्षय कुमार ने उस आपबीती का खुलासा किया, जिसने ये बता दिया कि साइबर क्राइम आम से खास तक हो सकता है | उन्होंने बताया कि कैसे उनकी बेटी नितारा वीडियो गेम खेलते वक्त साइबर क्राइम का शिकार होते-होते बच गई | उन्होंने पूरा मामला भी मंच से साझा किया और सीएम देवेंद्र फडणवीस से गुहार लगाई कि साइबर क्राइम के बारे में बच्चों को सजग करना बेहद जरूरी है। स्कूल की पढ़ाई में इसे विषय के तौर पर जोड़ना चाहिए |

एक्टर ने कहा की मैं आपको एक छोटी सी घटना बताना चाहता हूँ जो कुछ महीनों पहले मेरे घर पर ही हुई थी | एक्टर ने बताया कि किस तरह एक शख्स उनकी 13 साल की मासूम बेटी के साथ एक वीडियो गेम के जरिए जुड़ा और उसे बहलाने-फुसलाने की कोशिश करने लगा | आप किसी अनजान अजनबी के साथ खेल रहे होते हैं | जब आप खेल रहे होते हैं तो कभी-कभी उधर से संदेश आता है… एक शख्स ने मेरी बेटी को मैसेज भेजे, वो बहुत ही विनम्र मैसेज थे, जैसे गुड, अच्छा खेल रही हो…इसके बाद शख्स ने पूछा कि आप कहां से हैं और मेरी बेटी ने जवाब में कहा मुंबई | ऐसे ही एक और संदेश आया, क्या आप पुरुष हैं या महिला? तो उसने महिला का जवाब दिया |
आगे अक्षय कुमार बताते हैं, ‘और फिर उसने एक और मैसेज भेजा | क्या आप मुझे अपनी न्यूड तस्वीरें भेज सकते हैं? यह मेरी बेटी थी | उसने सब कुछ बंद कर दिया और उसने जाकर मेरी पत्नी को बताया | इस तरह चीजें शुरू होती हैं | यह भी साइबर अपराध का एक हिस्सा है… मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करूंगा कि हमारे महाराष्ट्र राज्य में सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा में हर हफ्ते साइबर पीरियड नामक एक पीरियड होना चाहिए जहां बच्चों को इसके बारे में समझाया जाए, क्यों ये अपराध बढ़ता जा रहा है | ये स्ट्रीट क्राइम से ज्यादा आगे निकल चुका है और उससे भी बड़ा होने वाला है’ |

अक्षय कुमार के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो जल्द ही ‘भूत बंगला’ और ‘हेरा फेरी 3’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगे | आखिरी बार एक्टर अरशद वारसी के साथ ‘जॉली एलएलबी 3’ में नजर आए | फिल्म अभी भी बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है और ठीकठाक कमाई कर रही है | इसके अलावा एक्टर जल्द ही अपनी पत्नी के चैट शो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ में नजर आएंगे |
















