Advertisement

गोला क्लब हादसा: आरोपी थाईलैंड भागे, गोवा पुलिस ने इंटरपोल से मांगी मदद

Gola Club Incident

गोला क्लब हादसे के आरोपी देश छोड़कर फरार

गोला क्लब हादसे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। गोवा पुलिस के अनुसार, अग्निकांड के आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा घटना वाले दिन ही भारत से भाग गए। दोनों ने मुंबई से थाईलैंड के फुकेट के लिए फ्लाइट ली और घटना के कुछ घंटे बाद ही देश छोड़ दिया। यह जानकारी ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन से प्राप्त हुई है।

7 दिसंबर की सुबह पकड़ी फुकेट की फ्लाइट

डीजीपी गोवा आलोक कुमार ने बताया कि दोनों मालिक 7 दिसंबर को सुबह 05:30 बजे 6E 1073 फ्लाइट से फुकेट रवाना हुए। गोवा पुलिस को पहले से शक था कि आरोपी जांच में शामिल होने से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी आधार पर उनके खिलाफ 7 दिसंबर को एलओसी जारी किया गया था, लेकिन तब तक वे देश से बाहर जा चुके थे।

दिल्ली स्थित घर पर पुलिस की छापेमारी

दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए गोवा पुलिस की टीम दिल्ली स्थित उनके घर पहुंची। लेकिन वहां दोनों मौजूद नहीं थे। पुलिस ने उनके आवास पर नोटिस चस्पा किया है और उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का घर पर न मिलना और देश छोड़कर भाग जाना स्पष्ट करता है कि वे जांच से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

इंटरपोल की मदद से तलाश तेज

चूंकि आरोपी थाईलैंड पहुंच चुके हैं, इसलिए गोवा पुलिस ने सीबीआई के जरिए इंटरपोल से मदद मांगी है। पुलिस अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने पर भी विचार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों को भारत लाकर जांच पूरी करना आवश्यक है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *