Advertisement

नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे की वापसी से राम माधव तक… BJP संगठन में बड़े बदलाव

Nitin Nabin

बीजेपी अध्यक्ष ने किया नई टीम का गठन, स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कई बड़े और चर्चित चेहरों को संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया की संगठन में वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव की भी पार्टी संगठन में वापसी हुई है और उन्हें भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्मृति ईरानी बनीं राष्ट्रीय महामंत्री

नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इसके अलावा त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने कुल 7 राज्यों से 8 राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश से दो नेताओं को जगह मिली है, जिनमें स्मृति ईरानी के अलावा हरीश द्विवेदी शामिल हैं।

13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं

नितिन नवीन की टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें 6 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा चार महिला नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह नई टीम में महिलाओं की भागीदारी को खास तवज्जो दी गई है। वहीं, टीम में दो मुस्लिम नेताओं को भी संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बड़े चेहरों के साथ संगठन को नया स्वरूप

नितिन नवीन की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश नजर आती है। वसुंधरा राजे और राम माधव जैसे पुराने चेहरों की वापसी के साथ स्मृति ईरानी और बिप्लब देब को अहम जिम्मेदारी मिलना बीजेपी संगठन में नए समीकरणों का संकेत माना जा रहा है। अब नई टीम के सामने संगठन को मजबूत करने और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों के लिए पार्टी को तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Read More: https://gbn24.com/major-move-by-cbi-in-twisha-sharma-death-case-636-page-charge-sheet-filed-against-husband-and-mother-in-law/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *