दहेज की आग में झोंकी गई बहू
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बागपत की एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर शादी के तुरंत बाद से ही लगातार शारीरिक और यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। पिछले साल 24 अक्टूबर को मेरठ के खिवाई गांव के दानिश से शादी करने वाली पीड़िता का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों से ही यह अत्याचार शुरू हो गया था और महीनों तक जारी रहा। पीड़िता ने बताया कि उसके पति दानिश को शराब और जुए की लत थी, और वह अक्सर नशे में उसे मारता-पीटता था।
जुए में पत्नी को दांव पर लगाने का आरोप
मामला तब और बिगड़ गया जब पति दानिश ने कथित तौर पर पीड़िता को जुए के खेल में दांव पर लगा दिया। पीड़िता के मुताबिक, “पति और अन्य आरोपियों ने मुझे पीटा और दूसरे पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।” उसने आगे कहा, “मेरे पति के हारने के बाद, आठ लोगों ने मेरे साथ बलात्कार किया।” पीड़िता ने इनमें से तीन की पहचान गाजियाबाद निवासी उमेश गुप्ता, मोनू और अंशुल के रूप में की है।
ससुराल के लोगों पर भी दुष्कर्म और प्रताड़ना का इल्जाम
पीड़िता ने अपने ससुराल के अन्य सदस्यों पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उसने कहा कि उसके पति के बड़े भाई शाहिद ने उसके साथ बलात्कार किया, और उसकी ननद के पति शौकीन ने भी उसे जबरदस्ती अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता ने अपने ससुर यामीन पर भी बलात्कार का आरोप लगाते हुए कहा कि ससुर ने उससे कहा था, “तुम दहेज नहीं लाई हो, इसलिए तुम्हें हमारी हर बात माननी पड़ेगी, तुम्हें हमें खुश रखना होगा।”
जबरन गर्भपात, एसिड अटैक और जान से मारने की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। जब वह गर्भवती हुई, तो परिवार ने उसे जबरन गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, उस पर एसिड डाल कर उसके पैरों को जलाने की कोशिश की गई और उसे जान से मारने की नीयत से एक नदी में फेंक दिया गया। राहगीरों ने उसे देखा और बचाया, जिसके बाद वह अपने मायके पहुंची और परिवार को अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पीड़िता ने अब बागपत के एसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अब केस वापस लेने के लिए उसके पिता को धमका रहे हैं। पुलिस ने इस मामले पर आधिकारिक पोस्ट जारी करते हुए बताया है कि बिनौली थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच चल रही है। यह घटना समाज में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और उत्पीड़न की एक भयावह तस्वीर पेश करती है।

















Leave a Reply