मदीनाह-हैदराबाद फ्लाइट में बम की धमकी
इंडिगो एयरलाइन की मदीनाह से हैदराबाद जा रही फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। एयरलाइन ने जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही सभी स्टैंडर्ड सिक्योरिटी प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। फ्लाइट के अहमदाबाद पहुंचते ही सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं विस्तृत जांच
अधिकारियों के मुताबिक, विमान और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा टीम फ्लाइट और उसमें मौजूद सभी सामान की गहन जांच कर रही है। इंडिगो ने भी पुष्टि की है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जा रहा है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दो दिन पहले भी मिली थी धमकी
यह पहला मामला नहीं है। दो दिसंबर को भी इंडिगो की कुवैत से हैदराबाद आने वाली फ्लाइट को बम की धमकी मिली थी। धमकी मिलते ही विमान को मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। उड़ान के दौरान मिले धमकी भरे ईमेल की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दी गई थी, जिसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित उतारा गया।
ईमेल के जरिए भेजा गया था धमकी भरा संदेश
जानकारी के अनुसार, बम की धमकी ईमेल के माध्यम से दिल्ली एयरपोर्ट को भेजी गई थी। ईमेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और इंडिगो फ्लाइट को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करवाया गया। FlightRadar24 के मुताबिक, फ्लाइट ने रात 1:56 बजे कुवैत से उड़ान भरी थी और सुरक्षा कारणों के चलते सुबह 8:10 बजे मुंबई में उतारी गई।















Leave a Reply