हनुक्का समारोह के दौरान दहशत
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। यह हमला रविवार को उस समय हुआ, जब यहूदियों के पर्व हनुक्का का समारोह चल रहा था। इसी दौरान दो आतंकियों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में एक बच्चे समेत कई निर्दोष लोगों की जान चली गई।
पुलिस कार्रवाई, एक आतंकी ढेर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जवाबी कार्रवाई की। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक हमलावर को मौके पर ही मार गिराया, जबकि दूसरे हमलावर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल आतंकी की हालत स्थिर बनी हुई है और उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पिता-पुत्र निकले हमलावर
पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने बताया कि इस गोलीबारी में शामिल संदिग्ध पिता और बेटे थे। मृत आतंकी की उम्र 50 वर्ष थी, जबकि घायल बेटे की उम्र 24 वर्ष बताई गई है। अधिकारियों ने पास खड़ी एक गाड़ी से विस्फोटक डिवाइस भी बरामद कर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
प्रधानमंत्री का सख्त संदेश
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एलबनीज़ ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यहूदियों के खिलाफ नफरत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार नफरत और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।













Leave a Reply