Advertisement

मेसी के कोलकाता दौरे में अव्यवस्था, हाईकोर्ट पहुंचा मामला

Messi

सॉल्ट लेक स्टेडियम में फैंस की निराशा

मशहूर फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित युवा भारती स्टेडियम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। ‘GOAT Tour to India 2025’ के तहत 14 साल बाद भारत आए मेसी शनिवार, 13 दिसंबर को कोलकाता पहुंचे थे, लेकिन वह स्टेडियम में केवल 10 मिनट ही रुके। उन्होंने स्टेडियम का एक चक्कर लगाया, लेकिन फैंस से मुलाकात नहीं की, जिससे टिकट खरीदकर पहुंचे हजारों दर्शकों में गहरी नाराजगी देखी गई।

हाईकोर्ट में दायर हुईं तीन जनहित याचिकाएं

इस घटना के बाद कोलकाता हाईकोर्ट में तीन जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं। ये याचिकाएं नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, अधिवक्ता सब्यसाची चटर्जी और मैनाक घोषाल द्वारा दाखिल की गईं। याचिकाओं में आयोजन के मिसमैनेजमेंट की जांच, दर्शकों को टिकट का पैसा लौटाने और स्टेडियम को हुए नुकसान की मरम्मत की मांग की गई है।

जांच और कार्रवाई की मांग

अधिवक्ता सब्यसाची चटर्जी ने राज्य सरकार द्वारा गठित जांच समिति की वैधता पर सवाल उठाते हुए अदालत के हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं मैनाक घोषाल ने अदालत की निगरानी में जांच, कथित वित्तीय अनियमितताओं की ED और CBI से जांच तथा आयोजन कंपनी से मरम्मत खर्च वसूलने की अपील की है।

सुनवाई और पुलिस कार्रवाई

कोलकाता हाईकोर्ट ने तीनों याचिकाएं स्वीकार कर ली हैं, जिन पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेन की खंडपीठ सुनवाई करेगी। वहीं स्टेडियम में हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने शुभ्रप्रतिम डे और गौरव बसु नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *