EOU का बड़ा एक्शन, सॉल्वर गैंग से कनेक्शन का आरोप
बिहार में पेपर लीक और परीक्षा में धांधली के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। अप्रैल 2026 में आयोजित BPSC की AEDO परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में EOU ने बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को पटना से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, अतुल की भूमिका परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश से जुड़ी पाई गई है।
परीक्षा केंद्र पर तैनात था अतुल राज
जांच में सामने आया है कि अतुल राज पांडेय AEDO परीक्षा के दौरान कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक ऑपरेटर के तौर पर तैनात था। EOU को शक है कि इसी दौरान उसने परीक्षा में सक्रिय सॉल्वर गैंग के साथ मिलकर कथित तौर पर धांधली की योजना में भूमिका निभाई।
मोबाइल से मिले अहम डिजिटल सबूत
मामले की जांच आगे बढ़ी तो अतुल की सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल फोन से परीक्षा से जुड़े कई अहम डिजिटल सबूत मिले। वहीं, अतुल का मोबाइल फोन भी परीक्षा केंद्र से जब्त किया गया था। इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद जांच एजेंसी को अतुल की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

एएन कॉलेज में भी सामने आया था मामला
इससे पहले पटना के एएन कॉलेज परीक्षा भवन में भी परीक्षा के दौरान गड़बड़ी का मामला सामने आया था। यहां परीक्षार्थी रोशन कुमार को बायोमीट्रिक कर्मी अंशुप्रिया द्वारा उत्तर पुर्जा दिए जाने के आरोप में पकड़ा गया था। इस घटना के बाद परीक्षा में बायोमीट्रिक कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई।
EOU की जांच में बढ़ सकती है कार्रवाई
AEDO परीक्षा में कथित धांधली की जांच अब डिजिटल सबूतों और आरोपियों के बीच कनेक्शन के आधार पर आगे बढ़ रही है। अतुल राज पांडेय की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और सॉल्वर गैंग का नेटवर्क कितना बड़ा था।













Leave a Reply