Advertisement

सुल्तानपुर में स्मार्ट मीटर हादसे से मचा हड़कंप, एक ही परिवार के 3 लोग झुलसे

Light

132 KV लाइन से पेड़ टकराने के बाद घर में दौड़ा करंट

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया। नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में एक घर में अचानक बिजली का मीटर ध्वस्त हो गया और देखते ही देखते आग लग गई। हादसे के दौरान घर में मौजूद एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में सुमित अग्रहरी की पत्नी प्रीति अग्रहरी, उनकी तीन साल की बेटी राजवी अग्रहरी और छोटे भाई की पत्नी कंचन अग्रहरी घायल हुई हैं। बताया जा रहा है कि कंचन के सिर में भी गंभीर चोट आई है। तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है।

बिजली विभाग ने मीटर फटने की बात से किया इनकार

घटना के वक्त सुमित अग्रहरी घर से बाहर थे। पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो घर में तीनों घायल अवस्था में मिले। आग और बिजली की चपेट में आने से घर को भी काफी नुकसान हुआ। सुमित ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

बिजली विभाग ने बताई हादसे की अलग वजह

वहीं, विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा ने हादसे की वजह स्मार्ट मीटर को नहीं बताया है। उनके मुताबिक, घर के पास से गुजर रही 132 KV की हाई वोल्टेज लाइन के पास एक सहजन का पेड़ लगाया गया था। पेड़ को किसी अज्ञात व्यक्ति ने काटने का प्रयास किया, इसी दौरान पेड़ हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया।

जांच के बाद साफ होगी हादसे की असली वजह

अधिशासी अभियंता के अनुसार, पेड़ के 132 KV लाइन से टकराने के बाद लाइन में फॉल्ट हुआ और आसपास के घर में भी करंट पहुंच गया। इसी वजह से घर का बिजली मीटर ध्वस्त हुआ और हादसा हुआ। विभाग ने साफ किया कि घटना मीटर फटने के कारण नहीं, बल्कि 132 KV लाइन में छेड़छाड़ की वजह से हुई। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है, जिसके बाद हादसे की पूरी तस्वीर साफ होगी।

Read More: https://gbn24.com/champat-rai-and-anil-mishra-given-a-clean-chit-in-the-ram-mandir-donation-theft-case/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *