नए वर्ष से पहले बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
नए साल के आगमन से पहले अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। सर्द मौसम के बावजूद आस्था का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सड़कों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
VIP पास पर मंदिर प्रशासन का बड़ा फैसला
लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए राम मंदिर प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। शनिवार से एक जनवरी तक के लिए VIP दर्शन पास जारी करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मंदिर ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी व्यक्ति को नए VIP पास नहीं दिए जाएंगे, ताकि आम श्रद्धालुओं को दर्शन में असुविधा न हो।
पहले से जारी पास रहेंगे मान्य
मंदिर प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जिन श्रद्धालुओं के VIP पास पहले से बन चुके हैं, वे निर्धारित तिथि पर दर्शन कर सकेंगे। हालांकि, रामलला की मंगला आरती के VIP पास भी पहले ही पूरी तरह बुक हो चुके हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान
नए वर्ष पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

















Leave a Reply