nitish kumar bihar
मुख्यमंत्री ने 2005 के कार्यकाल और विकास कार्यों को गिनाया
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जारी अपने वीडियो संदेश में राज्य की जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को “एक और मौका” देने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल एनडीए ही बिहार को निरंतर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा सकता है। नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2005 से पहले राज्य पिछड़ेपन, अपराध और भ्रष्टाचार से ग्रस्त था, लेकिन एनडीए सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार किए हैं। उन्होंने जनता से एक बार फिर अपने विश्वास को कायम रखते हुए एनडीए उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
अब बिहारी कहलाना सम्मान की बात
नीतीश ने अपनी अपील में कहा “पहले बिहारी कहलाना अपमान समझा जाता था, आज गर्व की बात है” | उन्होंने आगे कहा की, जिस स्थिति में बिहार हम लोगों को मिला था, उस समय बिहारी कहलाना अपमान का विषय था, लेकिन हमने पूरी ईमानदारी और मेहनत से दिन-रात काम करके आपकी सेवा की है | नीतीश कुमार का कहना था कि अब बिहार की छवि बदल चुकी है | उन्होंने कहा कि अब बिहारी कहलाना अपमान की नहीं, बल्कि सम्मान की बात है |
एनडीए को एक और मौका देने की अपील
मुख्यमंत्री के इस संदेश में एनडीए के लिए जनता से समर्थन मांगते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के विकास की कहानी अभी अधूरी है | उन्होंने कहा, “एनडीए को एक और मौका दीजिए, ताकि हम बिहार को देश के टॉप राज्यों में शामिल कर सकें” | उन्होंने चुनावी संदेश में यह भी कहा कि उनकी सरकार ने पंद्रह साल में उस बिहार को बदल दिया जहां कभी बिजली, सड़क और कानून व्यवस्था का संकट था | नीतीश ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रही है कि आम नागरिक का जीवन बेहतर बने | वे बोले, “हमने जो भी किया जनता की अपेक्षा और राज्य के भविष्य को ध्यान में रखकर किया | अब तक जो विकास हुआ, वह केवल शुरुआत है |

राष्ट्रीय जनता दल पर कसा तंज
वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने 2005 का उल्लेख करते हुए विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद), पर निशाना साधा | उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी, तब बिहार की छवि देशभर में नकारात्मक थी | वे बोले “उस वक्त बिहारी कहलाना अपमान समझा जाता था | लोग राज्य के नाम से ही मजाक बनाते थे | लेकिन हमने साबित किया कि बिहार मेहनती, ईमानदार और प्रगतिशील लोगों का प्रदेश है” | उन्होंने जोड़ते हुए कहा कि उनके शासन में अपराध पर लगाम लगी, शिक्षण संस्थान विकसित हुए और हर जिले तक सड़कें पहुंचीं | “हमने बिहार को पिछली पहचान से बाहर निकाला और एक नई पहचान दी” |
महिलाओं को सशक्त बनाने पर दिया जोर
वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने महिलाओं की प्रगति को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया | उन्होंने कहा कि अब महिलाएं आत्मनिर्भर हैं, शिक्षित हैं और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं | पहले महिलाओं को राजनीति और समाज में अवसर नहीं मिलते थे | आज हर पंचायत में उनकी भागीदारी है और वे खुद निर्णय ले रही हैं | नीतीश कुमार ने आगे कहा, “पिछली सरकार ने महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किया। हमने अब महिलाओं को इतना सशक्त बना दिया है कि वे किसी पर निर्भर नहीं हैं और अपने परिवार और बच्चों के लिए सभी काम कर सकती हैं। हम आपको बताना चाहते हैं कि हमने शुरू से ही समाज के सभी वर्गों का विकास किया है”।












