कोहरे के कारण हुआ दर्दनाक हादसा
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में घने कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर लगने के बाद इन वाहनों में भयंकर आग लग गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, वहीं 100 लोगों के घायल होने की सूचना है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही पलों में हालात बेकाबू हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर के बाद वाहनों में लगी आग
चश्मदीदों के अनुसार घटना के समय दृश्यता लगभग शून्य थी। कोहरे के चलते एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। दुर्घटना के बाद हालात और भयावह हो गए । आग की लपटों ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
13 लोगों की मौत, कई घायल
मथुरा के जिला अधिकारी सीपी सिंह ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चार मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी सभी शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। 17 बैग में कंकाल और जले हुए टुकड़े लाए गए हैं। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
सीएम योगी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से भी प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रशासन ने घायलों को हर संभव सहायता देने और मृतकों के परिजनों को मदद का भरोसा दिलाया है। आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है और उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
















Leave a Reply