अनाकापल्ली के पास हुआ हादसा
झारखंड की स्टील नगरी टाटानगर से केरल के एर्नाकुलम जा रही टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस आंध्र प्रदेश में हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब ट्रेन आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले के यलमंचिली इलाके के पास से गुजर रही थी। अचानक ट्रेन के दो कोच में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
दो कोच जलकर हुए खाक
आग इतनी भीषण थी कि ट्रेन के दो कोच पूरी तरह जल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुएं और आग की लपटें देखते ही यात्रियों ने जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरने की कोशिश की। रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एक यात्री की मौत की पुष्टि
इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, कई यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था।
जांच में जुटा रेलवे प्रशासन
रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। रेलवे ने घटना पर दुख जताते हुए जल्द पूरी रिपोर्ट सामने लाने का भरोसा दिया है।

















Leave a Reply