दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन
दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत आतंकवादी डॉ. मुजम्मिल को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी करीब 10 दिन पहले की गई थी, लेकिन पुलिस ने अब मामले का खुलासा किया है। डॉ. मुजम्मिल फरीदाबाद के धौज गांव स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में बतौर प्रोफेसर कार्यरत था। पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां दीं, जिनके आधार पर पुलिस ने उसके ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया।
360 किलो अमोनियम नाइट्रेट और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छापेमारी के दौरान 360 किलो रासायनिक पदार्थ बरामद किया है, जो अमोनियम नाइट्रेट बताया जा रहा है। इसके अलावा एक कैननकाप राइफल, पांच मैगजीन, एक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस, आठ बड़े और चार छोटे सूटकेस, बाल्टी, टाइमर, बैटरी, रिमोट, वॉकी-टॉकी सेट और इलेक्ट्रिक वायर सहित कई अन्य संदिग्ध वस्तुएं भी मिली हैं।
दो आतंकवादी गिरफ्तार, जांच जारी
फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह एक संयुक्त ऑपरेशन था जिसमें दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक को फरीदाबाद पुलिस ने और दूसरे को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पकड़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से इनपुट के आधार पर जांच चल रही थी और दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर बरती जा रही सतर्कता
पुलिस आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि बरामद सामग्री में आरडीएक्स या एके-47 जैसी घातक सामग्री नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अब भी जारी है और राष्ट्रीय सुरक्षा के कारण सभी जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा सकतीं। जहां आरोपी किराए पर रह रहा था, उस मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है।















Leave a Reply