ट्रंप सरकार का सख्त फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने एक बार फिर अपनी कड़ी आव्रजन नीति को आगे बढ़ाते हुए यात्रा प्रतिबंधों का विस्तार किया है। इस नए फैसले के तहत 5 और देशों को प्रतिबंध सूची में जोड़ा गया है, जबकि कई अन्य देशों पर पहले से लागू नियमों को और सख्त किया गया है। सरकार का कहना है कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और आव्रजन नियंत्रण को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जून में लगाए गए थे व्यापक प्रतिबंध
इससे पहले जून महीने में अमेरिका ने 12 देशों के नागरिकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। इन देशों में अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
7 देशों पर कड़े नियम लागू
पूरी रोक के अलावा, अमेरिका ने 7 देशों के नागरिकों पर कड़ी पाबंदियां भी लगाई हैं। इनमें बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों को सीमित श्रेणियों में ही वीजा या प्रवेश की अनुमति मिल रही है।
अब किन-किन देशों में लगाया गया है बैन ?
नई घोषणा के मुताबिक बुर्किना फासो, माली, नाइजर, साउथ सूडान और सीरिया को पूरी तरह ट्रैवल बैन के दायरे में लाया गया है। इसके अलावा फिलिस्तीनी अथॉरिटी द्वारा जारी ट्रैवल डॉक्यूमेंट रखने वाले लोगों की अमेरिका यात्रा पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने पहले कार्यकाल में भी इसी तरह की यात्रा प्रतिबंध नीति लागू कर चुके हैं। उस समय भी यह फैसला वैश्विक स्तर पर विवाद का कारण बना था। मौजूदा विस्तार से एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और बहस तेज होने की संभावना है।













Leave a Reply