Advertisement

कोलकाता में मेसी इवेंट बना बवाल, सॉल्ट लेक स्टेडियम में तोड़फोड़, मुख्य आयोजक गिरफ्तार

Messi

मेसी के कार्यक्रम में फैंस का गुस्सा फूटा

कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। नाराज फैंस ने स्टेडियम में जमकर तोड़फोड़ की, कुर्सियां और बोतलें फेंकी गईं। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें स्टेडियम की हालत बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रही है।

कोलकाता पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आयोजक गिरफ्तार

घटना के बाद कोलकाता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम के मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया है। कानून-व्यवस्था के एडीजी जावेद शमीम ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और स्थिति अब नियंत्रण में है। आयोजकों की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया है कि प्रशंसकों को टिकट की राशि वापस की जाएगी।

पुलिस और प्रशासन ने हालात पर पाया काबू

एडीजी जावेद शमीम के अनुसार, शांति बहाल कर दी गई है और यातायात सामान्य है। सभी लोग अपने-अपने घर लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि घटना सिर्फ सॉल्ट लेक स्टेडियम तक सीमित रही और जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच के लिए एक जांच समिति भी गठित कर दी गई है।

अचानक स्टेडियम छोड़ने से भड़के फैंस

फैंस का गुस्सा तब फूटा जब लियोनेल मेसी ने लैप ऑफ ऑनर के बाद अचानक स्टेडियम छोड़ दिया। दर्शक भारी कीमत पर टिकट खरीदकर अपने चहेते खिलाड़ी को देखने पहुंचे थे। मेसी के जल्दी निकलने से निराश फैंस ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। पुलिस अब आयोजकों की भूमिका और व्यवस्थाओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *