ओक्साका में इंटरोशियनिक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त
मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओक्साका में एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। यहां इंटरोशियनिक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल हो गए। यह ट्रेन प्रशांत महासागर तट के सलीना क्रूज से खाड़ी तट के कोट्जाकोआल्कोस को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल लाइन पर चल रही थी।
तेज मोड़ बना हादसे की वजह
अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा निजांडा शहर के पास एक तेज मोड़ पर हुआ। इसी दौरान ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया और उसके बाद कई कोच असंतुलित हो गए। कुछ डिब्बे गहरी खाई की ओर झुक गए, जबकि कुछ आंशिक रूप से गिर गए और पलट गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
ट्रेन में सवार थे 250 लोग
हादसे के वक्त ट्रेन में कुल 250 लोग सवार थे, जिनमें 241 यात्री और 9 क्रू मेंबर शामिल थे। दुर्घटना के बाद कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। घायलों में से 36 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मेक्सिकन नेवी ने संभाला मोर्चा
रेलवे संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही मेक्सिकन नेवी ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सेना, सिविल प्रोटेक्शन टीमें और मेडिकल यूनिट्स मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ितों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

















Leave a Reply