लुधियाना में हाई-वोल्टेज ड्रामा, हाथ में टमाटर लेकर पहुंचे BJP नेता
पंजाब के लुधियाना में शनिवार को आम आदमी पार्टी के बड़े कार्यक्रम से पहले सियासी माहौल गरमा गया। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पुलिस ने पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी यानी PAU के गेट से हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि बिट्टू हाथ में टमाटर लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के रास्ते पर पहुंचे थे।
CM के काफिले के गुजरते ही टमाटर फेंकने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने रवनीत बिट्टू को पहले ही आगे बढ़ने से रोक दिया था। इसी दौरान जब मुख्यमंत्री भगवंत मान का काफिला PAU के बाहर से गुजर रहा था, तब बिट्टू ने उनकी गाड़ी की तरफ टमाटर फेंकने की कोशिश की। हालांकि, वह काफिले के ज्यादा करीब नहीं पहुंच सके और पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया।
एक दिन पहले बिट्टू के काफिले पर फेंके गए थे अंडे-टमाटर
पूरे विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई घटना से जुड़ी बताई जा रही है। बटाला के पास रवनीत बिट्टू के काफिले पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा अंडे और टमाटर फेंके जाने की बात सामने आई थी। इसी घटना के विरोध में बिट्टू आज लुधियाना पहुंचे थे और कथित तौर पर उसी अंदाज में जवाब देने की कोशिश की।

दो दिन, दो घटनाएं… आमने-सामने BJP और AAP
दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने पंजाब की सियासत में बढ़ते टकराव को एक बार फिर सामने ला दिया है। पहले बिट्टू के काफिले पर अंडे और टमाटर फेंकने का आरोप लगा और अगले ही दिन बिट्टू मुख्यमंत्री के काफिले के रास्ते पर टमाटर लेकर पहुंच गए। लुधियाना की इस घटना के बाद BJP और AAP के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
पुलिस हिरासत में बिट्टू
फिलहाल पुलिस रवनीत बिट्टू को PAU से अपने साथ ले गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिट्टू मुख्यमंत्री के काफिले के बिल्कुल करीब नहीं पहुंच पाए थे और पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया था। मामले में हिरासत की वजह और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
Read More: https://gbn24.com/from-bric-to-brics-how-did-it-evolve-into-a-major-global-group-of-11-nations/













Leave a Reply