मौत से पहले गूगल पर आखिरी सवाल: ‘क्या दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो सकती है?’ फिर हुई संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार
दिल्ली की लोधी कॉलोनी में नवविवाहित आकृति की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या की आशंका में बदलता नज़र आ रहा है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसा डिजिटल सुराग मिला जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी। मौत के कुछ समय पहले आकृति ने गूगल पर ‘ क्या दूसरी मंज़िल से गिरने पर हो सकती है मौत ?’ सर्च किया था। शुरुआती तौर पर इसे हादसा बताया गया था, लेकिन जांच में सामने आए कई तथ्यों के बाद पुलिस ने आकृति के पति को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, दूसरी मंजिल से गिरने के कारण आकृति की मौत हुई थी। शुरुआत जांच में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन इस घटना को लेकर परिवार वालों ने कई सवाल उठाए। उनका कहना था कि आकृति की मौत सामान्य हादसा नहीं हो सकती और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू करदी। जांच के दौरान मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री की भी जांच की गई।
गूगल सर्च हिस्ट्री बनी जांच का अहम सुराग
जांच अधिकारियों ने आकृति के मोबाइल की जांच की जिसमें से एक ऐसा सर्च हिस्ट्री मिला जिसने सभी को चौंका दिया। आकृति ने मौत से पहले गूगल पर सर्च किया था कि “दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो सकती है क्या?” अधिकारियों का कहना है कि यह सर्च यह संकेत देता है कि आकृति किसी मानसिक दबाव, डर या किसी विशेष परिस्थिति से गुजर रही थी। हालांकि केवल इस सर्च के आधार पर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, इसलिए पुलिस अन्य सबूतों को भी जोड़कर जांच कर रही है।

पति पर क्यों गया शक?
जांच के दौरान पुलिस को पति के बयान और घटनास्थल से मिले कुछ तथ्यों में विरोधाभास मिला। पूछताछ में कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिले। आरोप है कि आकृति के पति उसे नौकरी छोड़ने के लिए बोलता और दहेज ना देने के लिए मारपीट करता था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर पति को हिरासत में लिया। बाद में पर्याप्त आधार मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
महिला के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत हादसा नहीं बल्कि पहले से की गई साजिश का हिस्सा हो सकती है। उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही आकृति कई तरह की परेशानियों का सामना कर रही थी। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जांच अभी जारी
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी सबूतों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। आकृति की मौत से पहले किया गया गूगल सर्च इस केस का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है, लेकिन जांच एजेंसियां केवल उसी के आधार पर फैसला नहीं कर रहीं। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।इस बीच पति की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब सभी की नजर पुलिस जांच और अदालत में पेश होने वाले सबूतों पर टिकी हुई है।

















Leave a Reply