खाटू श्याम-बालाजी के दर्शन के बाद वृंदावन जा रहे थे श्रद्धालु, KMP एक्सप्रेसवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर करीब सुबह 5:30 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीर्थ यात्रा पर निकले थे मैनपुरी के श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। रक्षाबंधन के बाद किशनी थाना क्षेत्र के किशनपुर मुगरिया, मकोया, चांदा समेत कई गांवों से करीब 21 ग्रामीण पिकअप में सवार होकर तीर्थ यात्रा पर निकले थे। सोमवार शाम उन्होंने राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन किए थे। इसके बाद सभी मथुरा के वृंदावन दर्शन के लिए रवाना हुए थे।
KMP एक्सप्रेसवे पर ट्रक से हुई जोरदार टक्कर
मंगलवार सुबह पिकअप जैसे ही पलवल जिले की सीमा में KMP एक्सप्रेसवे पर पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

छह लोगों की मौत, 14 श्रद्धालु घायल
इस हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश की मौत हो गई। मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी समेत 14 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गांवों में पसरा मातम, परिजन पलवल रवाना
हादसे की खबर मैनपुरी पहुंचते ही मृतकों और घायलों के गांवों में मातम पसर गया। जिन परिवारों के सदस्य दर्शन के लिए निकले थे, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन पलवल के लिए रवाना हो गए हैं। तीर्थ यात्रा से लौटने की उम्मीद कर रहे परिवारों को अब अपनों के हादसे की खबर ने गहरे सदमे में डाल दिया है।
















Leave a Reply