सिक्किम टनल हादसा: लैंडस्लाइड के बाद 10 शव बरामद, 27 लोगों के फंसे होने की आशंका; PM मोदी और अमित शाह ने लिया हालात का जायजा
पूरे देश को सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग में हुए दर्दनाक लैंडस्लाइड हादसे ने झकझोर दिया है। अब तक हादसे में 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि करीब 27 लोगों के सुरंग के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। भारी बारिश के बीच राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस के मुताबिक , नामची जिले के समरडुंग-झोलुंगे क्षेत्र में NHPC की तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग अचानक भूस्खलन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद सुरंग के अंदर काम कर रहे कई मजदूर फंस गए। नामची की पुलिस अधीक्षक सोनम डोलमा ने बताया कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक लगभग 27 लोग सुरंग में मौजूद थे। अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
कई राज्यों के मजदूरों की गई जान
प्रशासन के अनुसार मृतकों में पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, असम और सिक्किम के नामची जिले के लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से संपर्क शुरू कर दिया है ताकि पहचान की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपे जा सकें।
बारिश बनी सबसे बड़ी चुनौती
लगातार हो रही बारिश और सुरंग के अंदर भरता पानी रेस्क्यू टीमों के सामने सबसे बड़ी मुश्किल है। खराब मौसम के बावजूद बचाव अभियान बिना रुके जारी है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
NDRF समेत कई एजेंसियां मौके पर तैनात
घटनास्थल पर NDRF की टीमें, सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA), फायर सर्विस, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटी हुई हैं। पाकयोंग, रंगपो, सिंगतम और सिलीगुड़ी से भी अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।

हादसे की वजह पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी
पुलिस का कहना है कि फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह बताना संभव नहीं है। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सुरंग में भूस्खलन किन कारणों से हुआ।
PM मोदी ने CM प्रेम सिंह तमांग से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बातचीत कर हादसे की जानकारी ली और चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने हरसंभव केंद्रीय सहायता का भरोसा दिलाते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
अमित शाह ने भी लिया हालात का जायजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि राहत कार्य में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
read more https://gbn24.com/rain-havoc-in-delhi-7-year-old-boy-drowns-in-water-filled-plot/













Leave a Reply