दिल्ली होटल हादसे ने झकझोरा
देश के विभिन्न हिस्सों से लगातार सामने आ रही भीषण आगजनी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया, जिसमें विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
गुवाहाटी में एक ही परिवार के चार सदस्य जिंदा जले
दिल्ली के बाद असम की राजधानी गुवाहाटी से भी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जलुकबाड़ी इलाके में शुक्रवार तड़के एक रिहायशी परिसर में लगी आग ने एक परिवार के चार सदस्यों की जान ले ली। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग गहरी नींद में थे और आग तेजी से फैलने के कारण बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने अन्य परिवारों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन यह परिवार आग की चपेट में आ गया।
नेहरू प्लेस के दफ्तर में लगी आग, बड़ा नुकसान टला
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस स्थित एक बहुमंजिला कार्यालय भवन में भी शुक्रवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग टाटा कम्युनिकेशंस के कार्यालय के बैटरी रूम में लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
नोएडा में रेस्टोरेंट बिल्डिंग में मची अफरा-तफरी, जांच जारी
उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी एक रेस्टोरेंट संचालित इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग के दौरान कुछ लोग इमारत के अंदर फंस गए थे, लेकिन दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, असम और दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर हुई आगजनी की घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारी हर पहलू की गहन जांच में जुटे हुए हैं।












Leave a Reply