CJP के प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों के ऊपर FIR के मुद्दे पर सरकार से बातचीत जारी है। देशभर में परीक्षा सुधार और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर चर्चा के बीच अब पंजाब का कथित पेपर लीक मामला भी सुर्खियों में आ गया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी टीम इस मामले को लेकर रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन जल्द ही अपने अगले कदम की घोषणा करेगा और पंजाब के कथित पेपर लीक मामले को भी गंभीरता से उठाएगा।
पंजाब पेपर लीक पर क्या बोले अभिजीत दीपके?
मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा, “हम इस मुद्दे को भी उठाएंगे। अभी इसके लिए प्लानिंग कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद आंदोलन को खत्म कर दिया गया हैं। अभिजीत दीपके ने बताया है कि छात्रों पर दर्ज FIR के मुद्दे पर CJP और सरकार के बीच बातचीत जारी है।
जल्द सामने आएगी CJP की नई रणनीति
दीपके ने कहा कि हाल ही में 36 दिनों तक चला आंदोलन समाप्त हुआ है, इसलिए संगठन को आगे की रूपरेखा तय करने के लिए थोड़ा समय चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में CJP अपनी नई रणनीति सार्वजनिक करेगा, जिसमें परीक्षा सुधार और कथित पेपर लीक से जुड़े अन्य मुद्दे भी शामिल हो सकते हैं।

छात्रों पर दर्ज मामलों का भी उठाया मुद्दा
अभिजीत दीपके ने आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्रों पर केस दर्ज नहीं होने चाहिए और इस मुद्दे पर सरकार के साथ बातचीत जारी है। उनका कहना है कि कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ होनी चाहिए जो कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार हैं, न कि छात्रों के खिलाफ।
पंजाब सरकार का क्या कहना है?
उधर, पंजाब सरकार ने पेपर लीक के आरोपों को खारिज किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में किसी प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है और विपक्ष के आरोप राजनीतिक हैं।
अब आगे क्या?
फिलहाल CJP ने पंजाब के कथित पेपर लीक मामले को लेकर किसी आंदोलन या कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। संगठन का कहना है कि रणनीति तैयार होने के बाद आगे की कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। ऐसे में अब सभी की नजर CJP की अगली घोषणा और पंजाब पेपर लीक विवाद से जुड़े घटनाक्रम पर बनी हुई है।












Leave a Reply