धमकी भरे ई-मेल से मचा हड़कंप
पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब कई स्कूलों, यूनिवर्सिटी और सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के गांधी भवन, सचिवालय और मेयर कार्यालय के साथ जालंधर के नामी स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई। इस खबर के बाद प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते की तैनाती
धमकी मिलते ही पुलिस टीमों ने बम निरोधक दस्ते के साथ सभी संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। स्कूलों और अन्य इमारतों की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी खतरे को समय रहते टाला जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, ई-मेल की भाषा पहले मिली धमकियों से मिलती-जुलती है।
जालंधर के स्कूल भी निशाने पर
जालंधर में भी DPS, मेयर वर्ल्ड स्कूल और MGN स्कूल जैसे बड़े शिक्षण संस्थानों को धमकी दी गई है। ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
भड़काऊ भाषा और पुरानी धमकियों से लिंक
ई-मेल में बेहद भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है। इससे पहले भी दिल्ली, पटना, महाराष्ट्र और मेरठ जैसे शहरों में इसी तरह की धमकियां सामने आ चुकी हैं, हालांकि कई मामलों में ये अफवाह या फर्जी साबित हुईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

















Leave a Reply