दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकली फर्जी कॉल; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
एक बार फिर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां शनिवार को लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद तुरंत हरकत में आ गईं है । हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद बम की धमकी को फर्जी करार दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए।
मुंबई पुलिस को आया धमकी भरा फोन
जानकारी के मुताबिक, एक संदिग्ध ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर यह बताया कि दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाया जाएगा। मुंबई पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया। इसके बाद यह जानकारी दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम ने नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस तक पहूँचाई जिससे सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
जांच के बाद फर्जी निकली धमकी
पुलिस ने सूचना मिलते ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। एजेंसियों ने आवश्यक सुरक्षा जांच और सत्यापन किया। जांच के बाद पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि कॉल में किया गया दावा झूठ था और किसी भी तरह का खतरा नहीं मिला। इसके बाद पुलिस इस कॉल करने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में जुटी है।

सचिवालय को भी मिली थी बम की धमकी
दिल्ली सचिवालय और लाल किले को भी इससे एक दिन पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ईमेल के माध्यम से सचिवालय को यह धमकी भेजी गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। लंबे समय तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। अधिकारियों ने स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
स्कूलों को भी भेजे गए थे धमकी वाले ईमेल
दिल्ली के दो स्कूलों को भी हाल के दिनों में बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन ईमेल के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां ने स्कूल परिसरों की पूरी जांच की। सुरक्षा जांच में किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। हालांकि, लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
पुराने लाल किला विस्फोट मामले में भी जांच जारी
इसी बीच, लाल किला क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए कार बम विस्फोट से जुड़े मामले की जांच भी आगे बढ़ रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट अदालत में पेश की है। अदालत अब रिपोर्ट की समीक्षा करेगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया तय करेगी। बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले ही विस्तृत चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जांच के दौरान एजेंसी ने कुछ और आरोपियों के खिलाफ भी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है। फिलहाल मामले में कुल 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और जांच लगातार जारी है।
सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क
दिल्ली में लगातार मिल रही बम धमकी की सूचनाओं को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं। चाहे फोन कॉल हो या ईमेल, हर सूचना की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल लाल किले को मिली ताजा धमकी फर्जी साबित हुई है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सतर्क रखा गया है।















Leave a Reply