मेरी बहन लावारिस नहीं है …श्मशान से बाइक पर शव ले गया भाई। बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। जहाँ रविवार को दहेज के लिए एक नव विवाहिता लड़की की हत्या कर दी गई। जिसके बाद एक भाई अपनी बहन के शव को कंधा या एंबुलेंस नहीं, बल्कि बाइक पर रखकर ले जाने को मजबूर हो गया।
मेरी बहन लावारिस नहीं है…’ श्मशान से बाइक पर शव ले गया भाई। बिहार के सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। जहाँ रविवार को दहेज के लिए एक नव विवाहिता लड़की की हत्या कर दी गई। जिसके बाद एक भाई अपनी बहन के शव को कंधा या एंबुलेंस नहीं, बल्कि बाइक पर रखकर ले जाने को मजबूर हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने और जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार कर सबूत मिटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव का है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मधु कुमारी के रूप में हुई है। उनकी शादी 5 दिसंबर 2025 को घरवारा गांव निवासी चंदन कुमार झा से हुई थी। शादी के करीब 7 महीने पहले जिस अरमान से और जिस धूमधाम के साथ मधु कुमारी अपने ससुराल में आयी थी। वह सिर्फ चंद महीनों में ही बिखर गया। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर मधु को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
भाई बोला- ‘मेरी बहन लावारिस नहीं है’
मधु के परिवार वालो का आरोप है कि शनिवार रात मधु की हत्या कर दी गई और इसके बाद ससुराल पक्ष आनन-फानन में अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। जैसे ही इसकी जानकारी मृतका के भाई गोपाल कुमार झा को मिली, वह श्मशान घाट पहुंच गया। वहां उसने शव को अपने कब्जे में ले लिया और बाइक पर रखकर वापस ले आया। इस दौरान उसने कहा, मेरी बहन लावारिस नहीं है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दहेज में बुलेट बाइक की मांग का आरोप
मृतका की मां और भाई का आरोप है कि शादी में नकद, जेवर और घरेलू सामान समेत काफी दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाती रही। उनका कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर मधु को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का यह भी आरोप है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में फंदे से लटका दिया गया।
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में गांव पहुंचे। इसके बाद लोगों ने सीतामढ़ी-बैरगनिया मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंसाफ की उम्मीद में परिवार
शादी में मधु के परिवार वालों ने लगभग 20 लाख रूपये तक खर्च किये थे। परंतु इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज़ में बुलेट बाइक की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मृतक के परिवार वाले इस घटना से इतने आक्रोशित है कि उसके ससुर की हॉस्पिटल में ही पिटाई कर दी। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर भाई का बहन के शव को बाइक पर ले जाने वाला दृश्य लोगों को भावुक कर रहा है, तो दूसरी ओर दहेज हत्या के आरोपों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सके।

















Leave a Reply