शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या के बाद बढ़ा तनाव
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में बुधवार देर रात हुए बम धमाके ने राज्य की राजनीति को फिर से गर्मा दिया है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ ही घंटों बाद यह हमला हुआ, जिससे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने विपक्ष और सत्ताधारी दल के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को और तेज कर दिया है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं पर देसी बमों से हमला
पुलिस के मुताबिक, यह धमाका पानीहाटी के वार्ड नंबर 2 स्थित सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास दत्ता रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं का एक समूह इलाके में लोगों से बातचीत कर रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर देसी बम फेंक दिए। अचानक हुए इस हमले में कम से कम पांच बीजेपी कार्यकर्ता घायल हो गए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
विधायक रत्ना देबनाथ के घर के पास हुई वारदात
जिस इलाके में यह हमला हुआ, वह हाल ही में निर्वाचित बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ के घर के बेहद करीब बताया जा रहा है। रत्ना देबनाथ वही महिला हैं जो आरजी कर अस्पताल रेप पीड़िता की मां के रूप में चर्चाओं में रही थीं। घटना के बाद स्थानीय बीजेपी नेताओं और समर्थकों में भारी नाराजगी देखी गई। घायलों को तुरंत आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
TMC-BJP में आरोपों की जंग तेज
बीजेपी ने इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस समर्थित तत्वों का हाथ होने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्य में विपक्षी कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे बीजेपी की “राजनीतिक साजिश” बताया है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Read More: https://gbn24.com/bjp-scores-historic-victory-in-west-bengal-brainstorming-intensifies-on-cm-face/












Leave a Reply