Advertisement

क्यों अपनी सगी बहन की शादी छोड़ दूसरे शहर पहुंचे अभिषेक शर्मा, जानें क्या है पूरा मामला?

Abhishek Sharma Sister Marriage

भारतीय क्रिकेट का नया उभरता सितारा अभिषेक शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं | वजह इस बार उनका कोई तूफानी शतक या चौके-छक्के नहीं, बल्कि एक ऐसा फैसला है जिसने हर किसी को चौंका दिया है | अभिषेक शर्मा ने अपनी सगी बहन की शादी छोड़ दी है | अपनी इकलौती बहन की शादी जैसे बड़े मौके को छोड़कर अभिषेक ने क्रिकेट मैदान पर उतरने का फैसला किया है | हर बहन चाहती है कि उसका भाई शादी में उसके साथ खड़ा हो, लेकिन जब भाई देश की शान हो तो उसका फर्ज परिवार से बड़ा हो जाता है |

अभिषेक शर्मा की बहन कोमल की शादी 3 अक्टूबर यानी आज अमृतसर में बड़े धूमधाम से होने जा रही है | अमृतसर में लुधियाना के होजरी कारोबारी कवलजीत सिंह के बेटे लविश ओबेराय के साथ शादी होने वाली है | घर को दुल्हन की तरह सजाया गया है और लुधियाना से अमृतसर तक बारात पहुंचने वाली है | परिवार, रिश्तेदार और देश-दुनिया की कई बड़ी हस्तियां इस मौके का हिस्सा बनने आई हैं, लेकिन दुल्हन के भाई, क्रिकेटर अभिषेक शर्मा इस खुशी के दिन मौजूद नहीं रहेंगे |

स्टार क्रिकेटर अभिषेक शर्मा भी अपनी बहन कोमल की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे | बहन की हल्दी में आशीर्वाद देकर वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली सीरीज के लिए कानपुर रवाना हो गए | इससे पहले वे दुबई से एशिया कप जीतकर वह मंगलवार को लुधियाना पहुंचे और बहन के शगुन कार्यक्रम में शामिल हुए | सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें भी वायरल हुईं, जिसमें वो परिवार के साथ हंसी-खुशी जश्न मनाते दिखाई दिए | यहाँ तक की उनके कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी इस दौरान खूब डांस किया | रसम पूरी होते ही वह निकल पड़े टीम इंडिया से जुड़ने के लिए |

क्रिकेटर अभिषेक के जीजा लविश ओबेराय ने बताया कि देश के लिए खेलना शादी से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है | उन्होंने एशिया कप जीतकर और मैन आफ द सीरीज बनकर हमें पहले ही सबसे बड़ा तोहफा दे दिया है | परिवार को भले ही अपने स्टार बेटे की कमी खलेगी, लेकिन सभी को पूरा भरोसा है कि अभिषेक मैदान पर एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करके परिवार और देश का मान बढ़ाएंगे |