कीमत बढ़ी, फायदे वही
देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी Bharti Airtel ने अपने यूजर्स को चुपचाप बड़ा झटका दे दिया है। कंपनी ने 84 दिनों की वैलिडिटी वाले अपने लोकप्रिय प्रीपेड प्लान की कीमत 859 रुपये से बढ़ाकर 899 रुपये कर दी है। खास बात यह है कि इस बढ़ोतरी का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया, लेकिन यूजर्स को अब रिचार्ज करते समय ज्यादा पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।
क्या मिल रहा है प्लान में?
कीमत बढ़ने के बावजूद प्लान के बेनेफिट्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस प्लान में यूजर्स को अनलिमिटेड लोकल, एसटीडी और रोमिंग कॉलिंग की सुविधा मिलती है। इसके अलावा रोजाना 1.5GB डेटा और 100 SMS दिए जाते हैं। कुल मिलाकर 84 दिनों में 126GB डेटा यूजर्स को मिलता है। हालांकि, डेली डेटा लिमिट खत्म होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 64 Kbps रह जाती है।
एक्स्ट्रा बेनेफिट्स भी बरकरार
इस प्लान में यूजर्स को Airtel Rewards के तहत 12 महीने का Adobe Express सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है। साथ ही स्पैम कॉल और SMS अलर्ट की सुविधा और हर महीने एक फ्री हैलोट्यून सेट करने का विकल्प भी मिलता है। यानी कंपनी ने सिर्फ कीमत बढ़ाई है, सुविधाओं में कोई कटौती नहीं की है।
यूजर्स की जेब पर असर
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन यूजर्स पर पड़ेगा जो लंबी वैलिडिटी वाले प्लान को प्राथमिकता देते हैं। पहले जहां इस प्लान की मासिक लागत करीब 286 रुपये पड़ती थी, अब यह बढ़कर लगभग 300 रुपये हो गई है। 40 रुपये की यह बढ़ोतरी भले छोटी लगे, लेकिन बड़े यूजर बेस के लिए यह एक अहम बदलाव साबित हो सकती है।
Read More: https://gbn24.com/workers-in-noida-erupt-in-anger-how-can-we-go-home-with-13000-rupees/

















Leave a Reply